रीवा न्यूज: रीवा में मूसलाधार बारिश से: मनगवां की निचली बस्तियां जलमग्न, कई मकान धराशायी

रीवा में मूसलाधार बारिश से: मनगवां की निचली बस्तियां जलमग्न, कई मकान धराशायी
प्रभावित लोगों के लिए राहत कैंप तैयार, CMO अनिलेश मिश्रा की टीम दिन-रात मैदान में; नगर परिषद ने कंट्रोल रूम बनाया

डिजिटल डेस्क रीवा/मनगवां। जिलेभर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। नगर परिषद मनगवां क्षेत्र में भी अतिवृष्टि का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। कई निचली बस्तियों में पानी भर गया है, वहीं जर्जर मकानों के गिरने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। आसपास के नाले और जलस्रोत भी उफान पर हैं।

बिगड़ते हालात को देखते हुए नगर परिषद मनगवां ने कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया है, जहां से बारिश और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी अनिलेश मिश्रा स्वयं प्रभावित दस्ता के साथ लगातार क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था में जुटे हैं।

जर्जर मकानों से लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

अतिवृष्टि के चलते जिन जर्जर भवनों में खतरा बना हुआ है, वहां रह रहे लोगों को नगर निकाय की टीम द्वारा सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है। प्रभावित परिवारों को अस्थायी रूप से बालक छात्रावास में बनाए गए राहत एवं पुनर्वास कैंप में ठहराने की व्यवस्था की गई है। यहां प्रभावित लोगों के लिए रहने और भोजन की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।

नगर परिषद की टीम लगातार जलभराव और प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का काम कर रही है।

टीम दिन-रात जुटी है’—CMO

मुख्य नगर पालिका अधिकारी अनिलेश मिश्रा ने कहा कि अतिवृष्टि की स्थिति को देखते हुए नगर परिषद की टीम दिन-रात मैदान में काम कर रही है। लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव की व्यवस्थाएं लगातार की जा रही हैं।

अध्यक्ष-उपाध्यक्ष भी मैदान में

नगर परिषद अध्यक्ष बुटला बंसल एवं उपाध्यक्ष प्रमोद उर्मलिया (बबलू) भी प्रभावित क्षेत्रों का लगातार दौरा कर रहे हैं। जनप्रतिनिधियों और नगर परिषद की टीम द्वारा प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा राहत कार्यों की निगरानी की जा रही है।

लगातार बारिश के बीच मनगवां में नगर परिषद का पूरा अमला अलर्ट है। जलभराव वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभियान जारी है।


Created On :   2 Sept 2026 6:22 PM IST

Tags

Next Story