Rewa news: रानीगंज में 25 बरस पहले छोटे बच्चों ने की थी गणेशोत्सव की शुरुआत

रानीगंज में  25 बरस पहले छोटे बच्चों ने की थी गणेशोत्सव की शुरुआत
गणेशोत्सव की 25वीं वर्षगांठ

डिजिटल न्यूज़ रीवा

शहर के रानीगंज मोहल्ले में गणेशोत्सव की परंपरा इस वर्ष अपनी स्थापना की 25वीं वर्षगांठ मना रही है। बीते ढाई दशकों से चला आ रहा यह भक्ति और आस्था का कारवां इस साल अपने रजत जयंती रूप में और भी भव्य नजर आ रहा है। जिस गणेशोत्सव की शुरुआत 25 साल पहले मोहल्ले के छोटे-छोटे बच्चों ने मिलकर एक छोटी सी गणेश प्रतिमा स्थापित करके की थी, वह आज पूरे क्षेत्र के आकर्षण और श्रद्धा का केंद्र बन चुका है। बिग डायमंड क्लब के तत्वावधान में आयोजित होने वाला यह उत्सव हर साल नई ऊर्जा और भव्यता के साथ मनाया जाता है।

10 फीट की विशाल प्रतिमा स्थापित

इस ऐतिहासिक 25वें वर्ष के अवसर पर समिति द्वारा लगभग 10 फीट ऊंची विशाल गणपति प्रतिमा विराजित की गई है। प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश के इस भव्य रूप के दर्शन के लिए सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। प्रतिदिन सुबह और शाम की महाआरती में पूरा वातावरण जयकारों और शंखनाद से गुंजायमान हो उठता है।

हर उम्र के लोगों में दिख रहा उत्साह

आयोजन को लेकर छोटे बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक, हर उम्र के वर्ग में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। प्रतिदिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे पूरा रानीगंज क्षेत्र गणेश मय हो गया है।

हर वर्ष बढ़ रही आयोजन की भव्यता

इस परंपरा को लगातार 25 वर्षों से भव्य रूप देने में बिग डायमंड क्लब के कार्यकर्ताओं की भूमिका अनुकरणीय रही है। आयोजन समिति के सक्रिय सदस्य सनी अग्रवाल, विजय सोनी, सुमित जडिय़ा, विकास सोनी, बिल्लू सोनी और जय जडिय़ा सहित तमाम युवा हर साल इस उत्सव को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और तत्परता से जुटे रहते हैं। समिति के सदस्यों का कहना है कि बप्पा के प्रति अटूट श्रद्धा ही उन्हें हर वर्ष इस आयोजन को और अधिक भव्य बनाने की प्रेरणा देती है।

Created On :   19 Sept 2026 2:38 PM IST

Tags

Next Story