- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- सतारा
- /
- सातारा में 52वीं 'हिंद केसरी' महिला...
Satara Maharastra News: सातारा में 52वीं 'हिंद केसरी' महिला एवं पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता 20 से 23 नवंबर तक

भास्कर न्यूज, सातारा। महाराष्ट्र की धरती एक बार फिर ऐतिहासिक कुश्ती मुकाबलों की गवाह बनेगी। भारतीय शैली कुश्ती संघ, महाराष्ट्र के तत्त्वावधान में 52वीं हिंद केसरी महिला एवं पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन सतारा में 20 से 23 नवंबर 2025 तक किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता अब तक की सबसे भव्य और इनामी प्रतियोगिता बताई जा रही है। कुश्ती के इतिहास में पहली बार इतने बड़े स्तर पर इनामी खिताब घोषित किए गए हैं। देशभर के दिग्गज पहलवानों को इसमें भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के उद्घाटन समारोह में उपस्थित रहने की संभावना है। आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारियां जोरों पर हैं और देश के विभिन्न राज्यों से पहलवानों के आगमन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
महिला और पुरुष दोनों वर्गों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
पुरुष वर्ग में 8 वजन श्रेणियों में मुकाबले होंगे, जिनके विजेताओं को बाइक और नगद पुरस्कार दिए जाएंगे।
महिला वर्ग में प्रत्येक वजन श्रेणी की विजेता पहलवान को स्कूटी और नकद इनाम प्रदान किया जाएगा।
वहीं, हिंद केसरी (मुख्य खिताब) जीतने वाले पहलवान को थार या मारुति कार भेंट की जाएगी।
भारतीय शैली की कुश्ती विशेष रूप से महाराष्ट्र, पंजाब, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में लोकप्रिय है। इस प्रतियोगिता का गौरवशाली इतिहास रहा है - अब तक मास्टर चांगीराम, सतपाल पहलवान जैसे देश के नामी पहलवान इस मंच पर 'हिंद केसरी' का खिताब जीत चुके हैं। अब तक देश के 51 पहलवान यह प्रतिष्ठित किताब अपने नाम कर चुके हैं।
आयोजन समिति के अनुसार, इस वर्ष की प्रतियोगिता का उद्देश्य पारंपरिक भारतीय कुश्ती को नए स्तर पर ले जाना और युवा पीढ़ी को इस खेल से जोड़ना है। सातारा में यह आयोजन न केवल खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि ग्रामीण खेल संस्कृति को भी नई दिशा देगा।
Created On :   5 Nov 2025 5:51 PM IST












