Satna News: बछड़े को बचाने पहुंची महिला पर सियार ने किया हमला, युवक को भी काटा

डिजिटल डेस्क,सतना। मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र के कोतर गांव में शनिवार देर शाम जंगली सियार ने एक महिला पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला अपने बच्चे को शौच कराने घर से बाहर गई थी। इसी दौरान सियार गाय के बछड़े पर हमला कर रहा था। बछड़े की आवाज सुनकर महिला उसे बचाने पहुंची और पत्थर फेंककर सियार को भगाने की कोशिश की।
इसी बीच सियार ने महिला पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि इसी सियार ने पास के शुकुलगनवा गांव में एक युवक को भी घायल किया है। जानकारी के अनुसार, घायल महिला की पहचान सविता शर्मा (45), पति राजेश शर्मा, निवासी मऊगंज के रूप में हुई है। वह कोतर गांव में अपने रिश्तेदारों के यहां आई हुई थीं।
हमले में उनके हाथ और जांघ में गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें पहले गोविंदगढ़ अस्पताल ले गए, जहां से हालत को देखते हुए रीवा रेफर किया गया। उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
युवक पर भी किया हमला
ग्रामीणों के अनुसार, इसी सियार ने शुकुलगनवा निवासी राहुल शुक्ला (25), पिता लक्ष्मण शुक्ला पर भी हमला किया। घटना में युवक को भी चोटें आई हैं।
Created On :  
