सतना न्यूज: पिता की हत्या के केस में गवाही देने जा रहे बेटे को गोली मारने का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस,चखाया डंडे का स्वाद

8 दिन में दो बार हत्या के प्रयास की वारदात को अंजाम देकर हिस्ट्रीशीटर ने फैलाई थी दहशत

डिजिटल डेस्क सतना। पिता की हत्या के मामले में गवाही देने जा रहे बेटे को गोली मारने वाले फरार आरोपी को नागौद पुलिस ने वारदात के चंद घंटों बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने 8 दिन के भीतर दूसरी बार गोली मारकर हत्या के प्रयास की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक जब्त की है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, चोरी, अवैध हथियार और मारपीट समेत 17 अपराध पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर का नगर में जुलूस निकालकर पुलिसिया डंडे का जमकर स्वाद चखाया।

ये थी घटना

पुलिस के मुताबिक बीते 14 नवंबर को बारापत्थर निवासी राणा यादव 26 वर्ष अपने पिता अभय उर्फ बब्लू यादव की हत्या और खुद पर गोली चलाने के मामले में गवाही देने नागौद न्यायालय जा रहा था। सुबह तकरीबन साढ़े 11 बजे अच्छेलाल यादव के घर के पास आरोपी प्रिंस यादव और ओंकार यादव ने बाइक से उसका रास्ता रोक लिया और पिस्टल से फायर कर दिया। गोली राणा की पीठ को छूते हुए निकल गई। वारदात के बाद आरोपी भाग गए तो वहीं घायल को पहले नागौद अस्पताल और फिर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। राणा की रिपोर्ट पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और टीम ने घेराबंदी कर प्रिंस यादव पुत्र रामप्रवेश यादव 28 वर्ष निवासी बारापत्थर को गिरफ्तार कर लिया।

लेनदेन के विवाद में भी की थी फायरिंग

गौरतलब है कि बीते 8 नवंबर को प्रिंस यादव ने अपने दोस्त अभिलाष लोधी से झगड़े का बदला लेने के लिये ललचहा मोड़ पर घनश्याम कुशवाहा 22 वर्ष निवासी सतना पट्टी पर पिस्टल से तीन राउंड फायर किए थे। इसमें घनश्याम के पैर में गोलियां लगी थीं। इस मामले में अभिलाष को 12 नवंबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, जबकि प्रिंस फरार था। इसी बीच उसने दूसरी वारदात को अंजाम दे दिया।

पिता की हत्या के मामले में गवाही से रोकने का आरोप

राणा यादव के पिता अभय उर्फ बब्लू यादव की 5 मार्च 2026 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में हिस्ट्रीशीटर चंदन यादव समेत चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। राणा ने आरोप लगाया था कि चंदन के इशारे पर उसे गवाही देने से रोकने के लिए लगातार धमकाया जा रहा था। पुलिस ने गिरफ्तार प्रिंस के कब्जे से एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और करीब 45 हजार रुपए कीमत की बिना नंबर की काली स्प्लेंडर बाइक जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 75 हजार 600 रुपए बताई गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।


Created On :  

Tags

Next Story