Satna News: ब्राउन शुगर के कारोबार का भंडाफोड़, यूपी के 3 आरोपी समेत 5 गिरफ्तार

ब्राउन शुगर के कारोबार का भंडाफोड़, यूपी के 3 आरोपी समेत 5 गिरफ्तार
मास्टर माइंड महिला फरार, 4.50 लाख रुपए की 117.70 ग्राम स्मैक जब्त

डिजिटल डेस्क,सतना। रामपुर बाघेलान पुलिस ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए यूपी के 3 आरोपियों समेत 5 को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 117.70 ग्राम स्मैक (ब्राउन शुगर) बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक की-पैड मोबाइल और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं।

हालांकि इस मामले में अभी मास्टर माइंड महिला फरार है। पुलिस ने बताया कि मास्टर माइंड महिला की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मास्टर माइंड महिला की गिरफ्तारी के बाद ब्राउन शुगर के मामले में और खुलासे की उम्मीद है।

ये आरोपी आए पकड़ में

गिरफ्तार आरोपियों में अवध किशोर पिता मूलचंद्र उर्फ मुलुआ यादव 45 वर्ष निवासी मिथालू बिसंडा जिला बांदा (यूपी), विकास यादव पिता रमेशचंद्र निवासी सीतापुर चितरा गोकुलपुर कर्वी कोतवाली नगर चित्रकूट (यूपी) निशा पति दीपू यादव निवासी बबेरू जिला बांदा (यूपी), शिवम बरगाही पिता मुन्नु बरगाही निवासी गोविंदगढ़ वार्ड क्र-03 जिला रीवा और राहुल दुबे पिता राजेश प्रसाद दुबे निवासी बगढा थाना बैकुंठपुर जिला रीवा के नाम शामिल हैं।

बंद क्रेशर के पास दबिश

थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि यूपी से ब्राउन शुगर की खेप आ रही है, लिहाजा बताए गए संदिग्ध ठिकाने पर हर्षनगर बायपास फ्लाईओवर के पास बंद क्रेशर के समीप दबिश दी गई। मौके पर पांचों आरोपियों को दबोच लिया गया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास पीली पन्नी में मटमैले रंग के ठोस छोटे-छोटे टुकड़ों के रूप में ब्राउन शुगर बरामद की गई। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21 एवं 29 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।

फर्रुखाबाद से आती थी खेप

पुलिस सूत्रों की मानें तो इस मामले में जो मास्टर माइंड महिला फरार है, वह फर्रुखाबाद से ब्राउन शुगर की खेप लेकर बांदा उत्तर प्रदेश आती है। बांदा में उसके लडक़े तैनात रहते हैं। ये लोग जहां से डिमांड आती थी, वहां डिलीवरी करने जाते थे। रविवार को भी जो यूपी के ३ आरोपी पकड़े गए हैं, ये भी खेप लेकर ही आ रहे थे। रीवा जिले के जो दो आरोपी पकड़े गए हैं, इन्होंने डिमांड की थी।

Created On :  

Next Story