चित्रकूट न्यूज: चित्रकूट में बाढ़ के बीच गलियों में उतरे सीएम, कीचड़ में पैदल चलकर घर-घर देखा नुकसान

चित्रकूट में बाढ़ के बीच गलियों में उतरे सीएम, कीचड़ में पैदल चलकर घर-घर देखा नुकसान
रामधाम में घरों और सतना-चित्रकूट मार्ग पर दुकान में घुसा पानी देखा; आश्रय स्थल में प्रभावित परिवारों से मिले, बोले- सरकार आपके साथ है

डिजिटल डेस्क चित्रकूट सतना चित्रकूट में लगातार बारिश के बाद मंदाकिनी और सेमरावल नदी के उफान से बिगड़े हालात के बीच रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुद प्रभावित इलाकों में पहुंचे। हेलीकॉप्टर से आरोग्यधाम पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावितों के बीच गए। मुखारबिंद के पास बनाए गए आश्रय स्थल में उन्होंने परिवारों से मुलाकात की, उनकी परेशानी सुनी और राहत सहायता बांटी।

आश्रय स्थल से निकलने के बाद सीएम रामधाम मोहल्ले में पहुंचे। यहां बाढ़ का पानी उतरने के बाद गलियों में जमा कीचड़ और मलबे के बीच उन्होंने पैदल चलकर स्थिति देखी। मुख्यमंत्री प्रभावितों के घरों तक पहुंचे और पानी भरने से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने रामफल गर्ग और किस्मत कुमार गर्ग के परिवार से बातचीत कर पूछा कि बाढ़ में घर के अंदर कितना पानी भर गया था और क्या-क्या सामान खराब हुआ।

दुकान में पानी घुसने से हुए नुकसान की जानकारी ली

मुख्यमंत्री इसके बाद सतना-चित्रकूट मार्ग पर सियाराम कुटीर के पास स्थित अग्रहरि किराना स्टोर पहुंचे। यहां दुकानदार कामता प्रसाद गुप्ता ने दुकान में पानी भरने से सामान को हुए नुकसान की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने पूरी स्थिति देखी और कहा कि प्रभावित लोगों को नियमानुसार हरसंभव मदद दी जाएगी।

राहत शिविरों में भोजन-पानी और इलाज की व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, पेयजल और चिकित्सा की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। साथ ही बाढ़ से मकानों, दुकानों और अन्य संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन कराने को कहा।

प्रशासन के अनुसार अतिवृष्टि के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने से चित्रकूट क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति बनी। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित लोगों की मदद में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

दौरे के दौरान विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, नगर परिषद अध्यक्ष साधना पटेल, डीआरआई संगठन सचिव अभय महाजन, जिला उपाध्यक्ष प्रबल श्रीवास्तव, रीवा संभाग कमिश्नर शीलेंद्र सिंह, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस., एसपी हंसराज सिंह सहित प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।


Created On :   30 Aug 2026 1:38 PM IST

Tags

Next Story