- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- बिरसिंहपुर में आधी रात से आफत की...
बिरसिंहपुर न्यूज: बिरसिंहपुर में आधी रात से आफत की बारिश: बरजहां तालाब फूटा, नगर में जलप्रलय;
भास्कर न्यूज बिरसिंहपुर (सतना)
क्षेत्र में मध्य रात्रि से जारी मुसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी है। बरजहां तालाब का पानी ओवरफ्लो होकर शीतला माता तालाब होकर रिहाइशी बस्ती में समा जाने से पूरा बिरसिंहपुर नगर जलमग्न हो गया है। सीतमति, गंगा सितावा नदी उफान पर होने से सभापुर समेत नदी किनारे की बस्तियों में पानी भर गया , जिससे नगर में चारों तरफ बाढ़ जैसे हालात बन गए
सुबह 9 बजे से बिजली ठप, पीने के पानी का संकट गहराया
बाढ़ के खतरों को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से सुबह 9 बजे से ही पूरे नगर की विद्युत सप्लाई बंद कर दी गई है। बिजली कटने और जलभराव के कारण पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे लोग पीने के पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं।
खाद गोदाम और हार्डवेयर दुकानें जलमग्न, करोड़ों की चपत
अचानक आए पानी के सैलाब से व्यापारी और आम नागरिक संभल भी नहीं पाए। नगर की प्रमुख हार्डवेयर दुकानों, किराना प्रतिष्ठानों और सोसायटियों में पानी घुसने से गोदामों में रखी लाखों रुपये की खाद और सामान डूब गया। इस आपदा से नगर में करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
तेज बहाव में बहा युवक, NDRF ने कड़ी मशक्कत के बाद बचाया
उफनती नदी के तेज बहाव की चपेट में आने से एक युवक बह गया। मौके पर पहुंची NDRF जबलपुर की टीम ने पानी की प्रचंड धारा के बीच भारी मशक्कत करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया।
प्रशासनिक अमला मुस्तैद, गृहस्थी बचाने में जुटे लोग
नगर में मचे हाहाकार के बीच लोग भूखे-प्यासे अपने बच्चों और गृहस्थी के सामान को बचाने में जुटे रहे। स्थिति पर नजर रखने के लिए तहसीलदार, राजस्व अमला, नगर परिषद अधिकारी और सभापुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात हैं।
Created On :   30 Aug 2026 1:19 PM IST










