- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- नागौद थाने में घुसा पानी, मालखाने...
सतना न्यूज: नागौद थाने में घुसा पानी, मालखाने में रखा सामान भीगा

डिजिटल डेस्क सतना। लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में स्थित मकानों, दफ्तरों और सार्वजनिक स्थानों पर जलभराव से भारी नुकसान हुआ है। हर साल की बरसात में जलमग्न होने वाला नागौद थाना परिसर इस बार भी लबालब हो गया। शुक्रवार से जारी बारिश के चलते पहले थाने के बाहरी क्षेत्र में पानी भरा, फिर धीरे-धीरे भवन के अंदर घुस गया और देखते ही देखते पूरे परिसर में ढाई से तीन फीट जलभराव हो गया। इसकी चपेट में प्रभारी कक्ष, विवेचक कक्ष, मुंशी कक्ष समेत मालखाना भी आ गया। यह सब इतनी तेजी से हुआ कि पुलिसकर्मियों को सामान हटाने का भी वक्त नहीं मिला। जलभराव के बीच ही पुलिसकर्मियों को ड्यूटी करनी पड़ी, जिसमें जलीय जीव-जंतुओं का खतरा भी बना हुआ था। गौरतलब है कि थाने के ठीक सामने से निकली सडक़ का लेवल लगभग 4 फीट ऊपर है और यहां पर निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे हर बारिश में ही समस्या विकराल रूप ले लेती है।
कच्चा मकान गिरने से 2 भैंसों की मौत ---
लगातार हो रही बारिश के चलते ग्रामीण इलाकों में कई जगह कच्चे मकान, दीवार और छप्पर गिरने से काफी नुकसान की खबरें सामने आई हैं। कोठी थाना क्षेत्र के गुलुवा गांव में एक मकान का जर्जर हिस्सा ढह जाने से 4 दुधारू भैंसे मलबे में दब गईं। यह घटना होते ही पशुपालक ने ग्रामीणों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया और काफी जद्दोजहद के बाद मलबा हटाया, मगर तब तक 2 भैंसों की मौत हो चुकी थी, वहीं 2 अन्य भैंसे गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज कराया गया है।
नदी किनारे बने घर में फंसे युवक का देर रात रेस्क्यू---
कोठी थाना क्षेत्र के बड़ी पतारी-बम्हरौला गांव में नदी के पास बने एक घर के चारों तरफ जलभराव हो जाने से आवागमन के सभी रास्ते बंद हो गए। इस दौरान घर पर मौजूद एक युवक बुरी तरह फंस गया और मदद के लिए ग्रामीणों के जरिए प्रशासन से गुहार लगाई, लेकिन मौके पर पहुंची एसडीईआरएफ की टीम ने तेज बहाव को देखते हुए हाथ खड़े कर दिए। ऐसे में प्रशासन ने एनडीआरएफ से मदद मांगी, देर रात टीम मौके पर पहुंची, तब जाकर काफी जद्दोजहद के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
तेज बहाव में बह गई सडक़, कई फीट नीचे धंस गया सीमेंट से लोड ट्रक ---
मझगवां थाना अंतर्गत पिंडरा पेट्रोल पंप के पास नदी के बहाव के चलते कटाव होने से सडक़ धंस गई, जिसके चलते वहां खड़ा सीमेंट से लोड ट्रक कई फीट नीचे धंस गया। गनीमत रही कि ड्राइवर और उसका सहयोगी समय रहते बाहर निकल गए, जिससे दोनों की जान बच गई। इसी जगह पर एक और घटना सामने आई, जिसमें पुल के ऊपर बहाव के बावजूद निकलने की जिद में एक पिकअप वाहन कई फीट दूर तक बह गया। हालांकि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
700 लोगों का रेस्क्यू ---
जिलेभर में भारी बारिश के चलते नदी-नाले, तालाब और बांधों में जलभराव एवं बाढ़ के हालात बनने पर सैकड़ों लोग अलग-अलग जगह फंस गए थे, जिनको सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने पुलिस और एसडीईआरएफ की मदद से वृहद बचाव अभियान चलाया, जिसमें जिलेभर से 700 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। होमगार्ड कमांडेंट के मुताबिक रात में भी रेस्क्यू आपरेशन लगातार चल रहा है, फील्ड पर मौजूद टीमें कंट्रोल रूम एवं नजदीकी थानों के संपर्क में बनी हुई हैं।
Created On :   30 Aug 2026 1:51 PM IST










