Satna News: रामपुर बाघेलान थाना अंतर्गत करंट लगने से गई महिला की जान

रामपुर बाघेलान थाना अंतर्गत करंट लगने से गई महिला की जान
चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने सूखी लकड़ी से सरिता को स्टे वायर से अलग किया और आनन-फानन नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।

डिजिटल डेस्क,सतना। रामपुर बाघेलान थाना अंतर्गत चौरा गांव में करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई, जिस पर मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सरिता पति अनिल कोल 32 वर्ष, निवासी मरौंहा, लगभग 5 दिन पहले अपने मायके चौरा गांव आई थी, जहां बुधवार की सुबह करीब 8 बजे गांव की कुछ महिलाओं के साथ घर से कुछ दूर पर लकडिय़ां इकट्ठा करने गई।

इसी दौरान वहां लगे विद्युत पोल के स्टे वायर में उतरे करंट के संपर्क में आकर बुरी तरह घायल हो गई। यह देखकर साथ गई रमाकांती कोल ने उसे खींचने का प्रयास किया, मगर जोरदार झटका लगने से दूर जा गिरी और बेसुध हो गई।

ग्रामीणों ने किया करंट से अलग

इस बीच चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने सूखी लकड़ी से सरिता को स्टे वायर से अलग किया और आनन-फानन नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।

तब पुलिस ने पंचनामा बनाते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और पति समेत ससुराल वालों को सूचित किया, लेकिन कई घंटों के इंतजार के बाद भी कोई नहीं आया।

अंतत: पिता मुन्ना कोल 55 वर्ष, ने परिजनों के साथ मिलकर शव की सुपुर्दगी लेते हुए अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न कराई। बताया गया है कि मृत महिला तीन बच्चों की मां थी।

Created On :   4 Jun 2026 1:59 PM IST

Tags

Next Story