- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- पोस्ट ऑफिस एजेंट के पर्स से नकदी की...
Satna News: पोस्ट ऑफिस एजेंट के पर्स से नकदी की चोरी का खुलासा

डिजिटल डेस्क,सतना। एक सप्ताह पहले प्रधान डाकघर में महिला एजेंट का पर्स काटकर 77 हजार की नकदी चोरी करने वाली राजगढ़ के सांसी गिरोह की 2 महिलाओं को सिटी कोतवाली पुलिस ने पन्ना में वारदात से ठीक पहले गिरफ्तार कर लिया, जिनके कब्जे से कुछ नकदी बरामद की गई है।
पुलिस ने बताया कि कंचन पति शिवकुमार अग्रवाल निवासी पंजाबी कॉलोनी-डालीबाबा, ने 29 मई को बैंक से 86 हजार रुपए निकाले और खाताधारकों की किस्त जमा करने प्रधान डाकघर पहुंच गई, लेकिन जब वह कतार में अपनी बारी का इंतजार कर रही थी, तभी किसी ने ब्लेड से पर्स काटकर नकदी चोरी कर ली।
सीसीटीवी कैमरों से मिला सुराग
घटना सामने आने पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ करते हुए बैंक से लेकर पोस्ट ऑफिस और शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर दो महिलाओं को चिन्हित कर लिया, जिनकी सूचना जिले के सभी थानों और अगल-बगल के जिलों की पुलिस को भेजी गई।
इसी बीच खबर लगी कि दो संदिग्ध महिलाओं को पन्ना शहर में बैंकों के आसपास देखा गया है, लिहाजा एक टीम को रवाना कर पन्ना पुलिस की मदद से एक बैंक के बाहर रेकी करते दोनों को पकड़ लिया गया, जिनकी पहचान मंजू पति राजेश सिसोदिया 32 वर्ष और अमीका सिसोदिया पति स्वर्गीय सिकंदर सिसोदिया 45 वर्ष, निवासी कडिया-सांची, थाना बोड़ा, जिला राजगढ़, के रूप में की गई।
दोनों को सतना लाकर पूछताछ की गई तो उन्होंने पैसे चोरी करने का जुर्म कबूल कर लिया, तब उनके कब्जे से कुछ नकदी भी बरामद की गई।
उमरिया में भी दर्ज है मामला
पोस्ट ऑफिस एजेंट के साथ हुई वारदात से मिलती-जुलती घटनाओं की संलिप्तता के संबंध में भी मंजू और अमीका से सवाल-जवाब किए जा रहे हैं। दोनों को शुक्रवार सुबह कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस बीच पन्ना पुलिस ने भी अपने यहां की वारदातों के संबंध में पूछताछ की, मगर कोई भूमिका सामने नहीं आई।
अलबत्ता महिलाओं ने उमरिया जिले में 60 हजार रुपए की चोरी करने की बात स्वीकार की है, जिसकी पुष्टि वहां की पुलिस की तरफ से भी की गई है।
बताया गया है कि राजगढ़ जिले के जिस इलाके से आरोपी महिलाएं संबंध रखती हैं वहां का सांसी गिरोह शादी-पार्टियों में बच्चों का सहारा लेकर गहनों की चोरी, बस-ऑटो व टैक्सी में सवारी बनकर नकदी व ज्वेलरी पर हाथ साफ करने के अलावा गिरोह बनाकर चोरी करने के लिए कुख्यात बताए जाते हैं।
Created On :   5 Jun 2026 12:30 PM IST












