Satna News: मर जाएंगे या 5 साल पूरा होने के बाद ही सडक़ बनाएंगे

मर जाएंगे या 5 साल पूरा होने के बाद ही सडक़ बनाएंगे
समर्थकों के साथ पीडब्ल्यूडी कार्यालय पहुंचे विधायक की दो टूक

डिजिटल डेस्क,सतना। चित्रकूट विधानसभा की बदहाल सडकों की समस्या को लेकर मंगलवार को चित्रकूट विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार समर्थकों के साथ पीडब्ल्यूडी कार्यालय पहुंच गए। यहां पर उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र की बदहाल सडक़ों को लेकर पीडब्ल्यूडी के प्रभारी कार्यपालन यंत्री पंकज खड़ारे को जमकर खरी खोटी सुनाई। समर्थकों ने भी नारेबाजी की।

विधायक श्री गहरवार ने कहा कि जब हम मर जाएंगे या फिर पांच साल का कार्यकाल पूरा हो जाएगा तब सडक बनाएंगे। आमजनता परेशान हैं। उन्होंने कहा कि चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में 11 सौ करोड़ की सडकों के निर्माण की मंजूरी मिली लेकिन इनमें से कुछ ही सडकों का निर्माण किया गया जो उखड़ गई हैं।

खराब हुई सडक़ों की जांच कराई जाय। उन्होंने यह भी आरोप लगाए कि कागजों में सडकों का निर्माण कार्य पूरा किया गया मगर मौके पर नहीं हैं। हालांकि प्रभारी कार्यपालन यंत्री पंकज खड़ारे का पक्ष जानने के लिए उनसे संपर्क किया गया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

ईई ने बदला एसडीओ का प्रभार

चित्रकूट विधानसभा से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार ने प्रभारी एसडीओ अश्वनी निगम की कार्यप्रणाली पर भी संदेह जताया। उन्होंने कहा कि अधिकारी फील्ड में जाने की बजाय कागजों में काम कर रहे हैं। अश्वनी निगम को तुरंत प्रभार से हटाया जाय।

इस पर प्रभारी कार्यपालन यंत्री पंकज खड़ारे ने एसडीओ अश्वनी निगम को हटाते हुए एसडीओ का प्रभार मझगवां के उपयंत्री एमके त्रिपाठी को दे दिया है। उल्लेखनीय है कि मझगवां एसडीओ अभिषेक अहिरवार 3 अगस्त से 10 दिन के अवकाश पर है। इसके बाद मुख्य अभियंता रीवा केके लक्षे ने नागौद एसडीओ अश्वनी निगम को मझगवां का अतिरिक्त प्रभार सौंपा था।

Created On :   11 Aug 2026 8:56 PM IST

Tags

Next Story