Seoni News: झमाझम से पानी-पानी हुआ बुधवारी, गिरे पेड़, टूटीं बिजली लाइनें

झमाझम से पानी-पानी हुआ बुधवारी, गिरे पेड़, टूटीं बिजली लाइनें
सिवनी में हुई पौने दो इंच से ज्यादा बारिश, कान्हीवाड़ा क्षेत्र में भी बरसा पानी, आंधी-तूफान से हुआ नुकसान

डिजिटल डेस्क,सिवनी। जिला मुख्यालय व शहर से लगे क्षेत्रों में शुक्रवार को आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश हुई। कान्हीवाड़ा क्षेत्र में भी बारिश व आंधी-तूफान के चलते कई पेड़ गिर गए। एक दर्जन से ज्यादा जगह बिजली लाइनें टूट गईं।

झमाझम बारिश ने पूरे शहर को तरबतर कर दिया। लगभग एक घंटे से भी ज्यादा समय तक बरसे तेज पानी ने उमस से हलाकान,परेशान लोगों को जमकर राहत दी और पहली मानसूनी तेज बारिश का आभास भी शहरवासियों को हुआ।

हालांकि, नासूर बन चुका बुधवारी बाजार का नाला फिर ओवरफ्लो होकर दुकानदारों व लोगों के लिए परेशानी का सबब बना। शहर में दोपहर तीन बजे के बाद बादल छाने लगे थे। साढ़े तीन बजे के लगभग पानी बरसना शुरु हो गया। कुछ ही देर में झमाझम पानी बरसने लगा। शाम पौने पांच बजे तक तेज पानी बरसता रहा।

इसके पश्चात रिमझिम के बाद बारिश का क्रम थम गया था। इस अवधि में शहर में 46.2 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है। अधिकतम तापमान 33.2 व न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है, वहीं आद्र्रता सुबह 83 व शाम को 100 प्रतिशत दर्ज हुई है। जिले में आगामी चार-पांच दिन तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जाहिर की गई है।

इस दौरान आसमानी बिजली गिरने व 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी भी मौसम विभाग ने जारी की है। गौरतलब है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून सिवनी सहित प्रदेश में दस्तक दे चुका है। हालांकि, इस साल मानसून देरी से आया है।

कब दूर होगी बुधवारी की परेशानी

नासूर बन चुका बुधवारी बाजार स्थित मुख्य मार्ग से लगा नाला ओवर फ्लो हो गया। बजबजाती गंदगी मुख्य मार्ग पर आ गई। लोहाओली व श्री बजरंग अखाड़ा वाली गली में भी गंदा पानी भर गया। इससे हर बार की तरह शुक्रवार को भी दुकानदारों को परेशान होना पड़ा। खरीदारी करने आए ग्राहक व क्षेत्रीय निवासी भी हालाकान हुए।

बुधवारी बाजार में कुछ देर की तेज बारिश में नाले के ओवरफ्लो होने व उसकी गंदगी मुख्य मार्ग पर आने की समस्या सालों से बनी हुई है। इसके बावजूद अब तक नगर पालिका परिषद इस परेशानी को दूर नहीं कर पाई है। क्षेत्रीय पार्षद व अन्य जनप्रतिनिधि भी इसे गंभीरता से नहीं लेते हैं। यहां पदस्थ होने वाले सीएमओ का स्थानांतरण भी हर थोड़े अंतराल में हो जाता है।

दुकान में घुस गया पानी

सरकारी बस स्टैण्ड परिसर स्थित एक दुकान में बारिश का पानी घुस गया। इससे भीतर रखा सामान खराब हो गया। परिसर में भी पानी भर गया था। बस स्टैण्ड परिसर में हकीमुद्दीन अतहर की दुकान है। वे बुक स्टॉल चलाते हैं। उन्होंने बताया कि तेज बारिश में हर साल उनकी दुकान में पानी घुस जाता है। पानी निकासी की बेहतर व्यवस्था न होने के कारण उन्हें इस बार फिर परेशान होना पड़ा।

तार टूटे, इंसुलेटर हुए पंक्चर

आंधी-तूफान व बारिश के कारण कई जगह विद्युत व्यवधान आया। इससे लोगों को परेशान होना पड़ा। बबरिया रोड पर 33 केवी की हाईटेंशन औद्योगिक लाइन का तार टूट गया। इंसुलेटर पंक्चर होने के कारण शहर में दो फीडर की सप्लाई ठप पड़ गई।

कान्हीवाड़ा क्षेत्र में पेड़ गिरने से कई जगह बिजली के तार टूट गए और पोल क्षतिग्रस्त हो गए। बिजली कंपनी के कार्यपालन अभियंता सुभाष राय ने बताया कि सभी जगह तत्काल सुधार कार्य प्रारंभ करा दिया गया था। दोनों फीडरों की सप्लाई कुछ समय बाद ही बहाल कर दी गई थी।

Created On :   27 Jun 2026 6:15 PM IST

Tags

Next Story