Seoni News: कुएं से पानी निकालते समय गिरकर मौत, लखनवाड़ा थाना क्षेत्र की घटना

कुएं से पानी निकालते समय गिरकर मौत, लखनवाड़ा थाना क्षेत्र की घटना
पुलिस ने शव का पीएम करवाकर परिजन को सौंप दिया है।

डिजिटल डेस्क,सिवनी। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पहली बड़ी घटना लखनवाड़ा थाना अंतर्गत बघराज गांव में हुई। यहां कुएं में डूबने से एक अधेड़ की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि सुकवाहा गांव निवासी सुखचैन धुर्वे बघराज गांव में खापा निवासी संजीव चौरसिया के खेत गया था। सुखचैन कुएं से पानी निकाल रहा था तभी उसे मिर्गी आ गई और वह कुएं में गिर गया। आवाज आने पर आसपास के लोगों ने उसे बाहर निकाला,लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पीएम करवाकर परिजन को सौंप दिया है।

जहर के सेवन से एक मौत

छपारा थाना अंतर्गत गुधना के एक युवक की कीटनाशक के सेवन से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि 22 वर्षीय शारदा प्रसाद परते ने अज्ञात कारणों के चलते कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। उसकी बिगड़ी स्थिति पर परिजन छपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में लाया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

बाइक भिड़ंत में दो लोग घायल-डूंडासिवनी थाना अंतर्गत गहरानाला तिराहा के पास दो बाइक भिड़ंत में दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि बम्हनी गोपालगंज निवासी राज चंद्रवंशी और दुर्गेश चंद्रवंशी बाइक क्रमांक एमपी22 एमएम1977 से भोमा से वापस अपने घर जा रहे थे।

गहरानाला तिराहा के पास सामने जा रहे बाइक क्रमांक एमपी 22 एमएफ 9843 के चालक ने अचानक ब्रेक लगाकर स्टेयरिंग मोड़ दिया जिससे पीछे आ रही बाइक टकरा गई। हादसे में राज और दुर्गेश घायल हो गए। हादसे में घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ट्रक की टक्कर से बाइक सवार घायल-लखनवाड़ा थाना अंर्गत गोपालगंज बायपास में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि सिवनी के ध्यानचंद वार्ड निवासी अयाजुर रहीम (25) पिता इकबाल उर रहीम बाइक क्रमांक एमपी 17 जेडए 8082 से गोपालगंज जा रहा था।

बायपास के पास पीछे से आ रहे लहसुन से भरे ट्रक क्रमांक जेके 13 डी 7083 ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक ट्रक में फंस गई थी जो करीब 50 मीटर दूर घिसटते हुए गई। ग्राम के मोहम्मद हुसैन व राजेश अवधिया ने आसपास के लोगों की मदद से ट्रक को रूकवाया और घायल को तत्काल एंबुलेंस बुलवाकर अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक पर मामला दर्ज किया है।

Created On :   22 Jun 2026 4:18 PM IST

Tags

Next Story