- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- कई बार मांग के बाद भी नेताओं ने...
शहडोल न्यूज: कई बार मांग के बाद भी नेताओं ने नहीं सुनी तो चंदा कर बना दिया घाट

शहडोल
लगातार मांग के बाद भी नेताओं की अनदेखी को दरकिनार करते हुए सामाजिक एकजुटता और समर्पण से मंजिलें कैसे पाई जा सकती है, इसका उदाहरण धनपुरी नगर पालिका के वार्ड 24 में दिखा। वार्ड के लोग निस्तार की छोटी तलैया में बीते कई महीने से घाट निर्माण की मांग कर रहे थे। नेताओं से समस्या भी बताई पर ध्यान नहीं दिया गया। तब एक दिन बैठक बुलाकर स्वयं ही घाट निर्माण का निर्णय लिया। आपस में चंदा कर 1 लाख रुपये जुटाया और जनसहयोग से 1 माह में घाट का निर्माण पूरा हो गया।
16 जुलाई को जगन्नाथ रथयात्रा के दिन शुभ संयोग पर उद्घाटन हुआ तो फीता शिवनाथ और रामरतन बैगा से कटवाया। क्योंकि, इन दोनों ने घाट निर्माण में श्रमदान किया था, काम के एवज में मजदूरी नहीं भी ली थी।
इसलिए जरूरी था घाट निर्माण-
वार्ड क्रमांक 24 और 25 के 100 से ज्यादा परिवारों का निस्तार इसी छोटी तलैया से है। घाट नहीं होने के कारण बारिश के मौसम में बच्चे और बुजुर्ग आए दिन फिसलकर चोटिल हो रहे थे। गभर्वती महिलाओं को भी पानी तक पहुंचने के लिए मशक्कत करनी पड़ती थी।
इन्होंने की आर्थिक मदद-
कालीचरण लोधी, अरविंद रजक, जीवन लोधी, मनोज कुशवाहा, सज्जू लोधी, नर्मदा सिंह, मुनु लोधी, जयदीप कुशवाहा, राहुल, काशी, सुजीत व ज्वाला लोधी
Created On :   20 July 2026 12:32 PM IST











