सड़क हादसा: तेज रफ्तार कोयला ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत

तेज रफ्तार कोयला ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत
ज्यादा चक्कर (ट्रिप) लगाने के चक्कर में जा रही मासूमों की जान, तय रूट छोड़कर रिहायशी इलाकों से गुजर रहे भारी वाहन, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

डिजिटल डेस्क,शहडोल। इलाके में कोयला परिवहन में लगे भारी वाहनों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार की दोपहर एक और भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां दामिनी खदान से कोयला लोड कर संगवा साइडिंग की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार ग्रामीण को बेरहमी से कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घर लौट रहे ग्रामीण को ट्रक ने लिया चपेट में

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ग्रामीण राजेंद्र कोल उर्फ 'नंदू' के रूप में हुई है। सोमवार दोपहर वह अपनी बाइक से बंगवार से संगवा टोला स्थित अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान दामिनी की तरफ से आ रहे कोयला लोड ट्रक के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी संख्या में स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए।

ज्यादा कमाई के चक्कर में दौड़ रही 'यमदूत' बनी गाड़ियां

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोयला परिवहन में लगे ट्रक चालकों के बीच अधिक से अधिक ट्रिप (चक्कर) लगाने की अंधी होड़ मची रहती है। ज्यादा फेरे लगाने और मोटी कमाई के चक्कर में ये चालक घनी आबादी वाले क्षेत्रों में भी वाहनों को बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हैं, जो अक्सर ऐसे जानलेवा हादसों का कारण बनता है।

परमिट नियमों की उड़ रही धज्जियां, बदला जा रहा रूट

इस हादसे ने कोयला परिवहन के रूट निर्धारण पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। नियमों और परमिट के अनुसार, दामिनी से कोयला लोड करने के बाद इन भारी वाहनों को 'अमलाई OCM गेट' होकर अपने गंतव्य तक जाना चाहिए।

लेकिन समय और दूरी बचाने के चक्कर में ये वाहन चालक तय रूट का उल्लंघन कर रहे हैं। ये वाहन अवैध रूप से बंगवार और बम्हौरी जैसे ग्रामीण व रिहायशी इलाकों से होते हुए संगवा साइडिंग तक जा रहे हैं, जिससे स्थानीय निवासियों की जान हमेशा खतरे में बनी रहती है।

ग्रामीणों में भारी आक्रोश, पुलिस बल तैनात

इस दर्दनाक हादसे के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में प्रशासन और खदान प्रबंधन के खिलाफ भारी नाराजगी और आक्रोश देखा जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही धनपुरी पुलिस थाना बल मौके पर पहुंच गया है।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और स्थिति को नियंत्रित करने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने मांग की है कि दोषी ट्रक चालक पर सख्त कार्रवाई की जाए और रिहायशी इलाकों से कोयला ट्रकों के प्रवेश पर तुरंत रोक लगाई जाए।

Created On :   20 July 2026 4:30 PM IST

Tags

Next Story