- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- कीचड़ से सनी सडक़ पर लगाया धान का...
Shahdol news: कीचड़ से सनी सडक़ पर लगाया धान का रोपा

डिजिटल न्यूज़ शहडोल
जनपद पंचायत बुढ़ार की ग्राम पंचायत गलहथा में करीब 30 साल से सडक़ निर्माण की मांग पूरी नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में विरोध जताते हुए कीचड़ से सनी सडक़ पर धान का रोपा लगा दिया। ग्रामीण सुरेश सिंह के अनुसार वार्ड नंबर 15 से मुख्य सडक़ और स्कूल तक पहुंचने के लिए करीब आधा किलोमीटर लंबा यह प्रमुख रास्ता बारिश के दिनों में पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाता है। इससे ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों को आने-जाने में परेशानी होती है। ग्रामीणों के अनुसार यह समस्या करीब तीन दशक से बनी हुई है। इस दौरान कई बार पंचायत और संबंधित अधिकारियों से सडक़ निर्माण की शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। लगातार बारिश के कारण सडक़ पर जगह-जगह कीचड़ और पानी जमा है, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया है। इसी समस्या से नाराज नवल सिंह, पहलाद सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने एकजुट होकर सडक़ पर धान का रोपा लगा दिया। इधर ग्राम पंचायत गलहथा के सचिव चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि सडक़ की समस्या से पंचायत भी अवगत है। ग्राम सभा में कई बार सडक़ निर्माण का प्रस्ताव रखा गया है और बजट को लेकर भी चर्चा हुई है। बारिश समाप्त होने के बाद सडक़ निर्माण कार्य शुरू कराने की बात कही गई है।
Created On :   25 Aug 2026 8:15 PM IST









