- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- जलभराव : एक साल बाद भी समस्या जस की...
शहडोल न्यूज: जलभराव : एक साल बाद भी समस्या जस की तस

डिजिटल डेस्क शहडोल |वार्ड क्रमांक 23 में मॉल के पीछे, मुफ्ती शोरूम के बगल से बसस्टैंड पहुंच मार्ग और ओपीएम डिस्पेंसरी के सामने बाड़ा के किनारे से अंदर कॉलोनी पहुंच मार्ग। इन तीनों ही स्थानों पर सडक़ में घुटने तक पानी भरा रहा। आसपास के लोग इस बात से परेशान रहे कि और ज्यादा बारिश होने पर पानी उनके घरों में न घुस जाए। यही स्थिति हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रही। यहां नाले का पानी ओवरफ्लो होकर सडक़ पर बहा, इससे किनारे रहने वाले दुकानदार और नागरिक भी ज्यादा जलभराव से होने वाले नुकसान को लेकर चिंतित नजर आए। ऐसी ही स्थिति पटेल नगर में रही। रविवार दोपहर 3 बजे तक सडक़ पर पानी भरा रहा। नागरिकों को पानी निकासी के लिए एक निर्माण तोडऩे की नौबत आन पड़ी और पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी से निर्माण तोडक़र पानी निकासी का रास्ता बनाया गया। जानकर ताज्जुब होगा इन तीनों ही स्थानों पर जलभराव की समस्या पिछले साल भी थी। नगर पालिका के जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौके पर पहुंचे। तत्कालिक व्यवस्था बनाई पर पूरे साल स्थाई समाधान पर काम नहीं किया। नतीजा एक साल बाद फिर सामने है। रविवार को नागरिकों की परेशानी पिछले साल की तरह ही जस की तस रही। नागरिक बोले-समय रहते चेतना जरूरी- बीते 6 से 7 वर्षों से शहर में कुछेक स्थानों पर घर व सडक़ पर जलभराव की समस्या पर नागरिकों का कहना है कि इस समस्या को जड़ से समाप्त करने के लिए समय रहते चेतना जरूरी है। ऐसी समस्या इसलिए है, क्योंकि कई लोगों ने तालाब व उसके कैचमेंट एरिया में घर बना लिए हैं। कई स्थान पर पानी निकासी के रास्ते पर ही निर्माण हो गया है। प्रशासन को ऐसे निर्माण चिन्हित कर समय रहते प्रभावी कार्रवाई करनी होगी। ऐसा नहीं होने पर जलभराव की समस्या का जड़ से खात्मा संभव नहीं है। - वार्ड क्रमांक 23 और वार्ड क्रमांक 16 पटेल नगर में ही जलभराव जैसी स्थितियां सामने आई। दोनों ही वार्ड में पानी निकासी की दिशा में वृहद योजना बनाकर काम करना होगा। इसके लिए शुरूआती स्थान से बड़ा नाला कम से कम 6 बाई 6 का बनाकर उसे नाला से जोडऩा होगा, तभी समस्या दूर होगी। फिलहाल हमने पानी निकासी के लिए अलग से दल गठित किया है जो शहर में सभी स्थानों का विजिट कर हालात का जायजा ले रही है। पटेल नगर में पानी निकासी के लिए एक रैम्प तुड़वाना पड़ा। निशांत सिंह ठाकुर सीएमओ नगर पालिका शहडोल
Created On :   24 Aug 2026 5:53 PM IST
Next Story












