भास्कर अभियान: 11 गांव को शामिल करने के लिए साढ़े 3 साल से चल रही प्रक्रिया

11 गांव को शामिल करने के लिए साढ़े 3 साल से चल रही प्रक्रिया
ढाई साल से ठंडे बस्ते में शहडोल नगर निगम

डिजिटल डेस्क,शहडोल। शहडोल नगर निगम बनाने की घोषणा 23 अगस्त 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किए जाने के ढाई साल बाद भी मामला ठंडे बस्ते हैं। इतना ही नहीं चार ग्राम पंचायतों के 11 गांव को शहडोल नगर पालिका में शामिल करने की प्रक्रिया भी साढ़े 3 साल से पत्राचार तक ही सीमित है।

इन गांव को शामिल करने के लिए पिछले महीने ही 20 फरवरी को नगर पालिका सीएमओ शहडोल आशा भंडारी ने अपर मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवास विभाग भोपाल को चिठ्ठी लिखकर प्रारुप प्रकाशन के लिए पूर्व में हुए पत्राचार का अवलोकन करने की बात कही है।

बतादें कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद से ही स्थानीय नागरिकों में शहडोल नगर निगम को लेकर उत्साह है। आने वाले नगरीय निकाय चुनाव से पहले शहडोल नगर निगम अस्तित्व में लाए जाने की मांग तेज हो चली है।

11 गांव का 4 हजार 624 हेक्टेयर क्षेत्रफल होगा शामिल

शहडोल नगर पालिका सीमा वृद्धि का प्रस्ताव लागू होने पर 11 गांव के 4 हजार 624 हेक्टेयर क्षेत्रफल नगर पालिका में शामिल होगा। इसमें पिपरिया का 835 हेक्टेयर, छतरपुर 155, कोटमा 390, चांपा 360, कुदरी 308, गोरतरा 861, जमुआ 322, जमुई 506, कल्याणपुर 359, कोईलारी 120 व विचारपुर का 408 हेक्टेयर शामिल है।

ऐसे समझें दूरी का गणित

> 0 किलोमीटर दूरी में पिपरिया, कोटमा, कुदरी, गोरतरा, कोईलारी, विचारपुर व कल्याणपुर.

> 1 किलोमीटर की दूरी में जमुआ.

> 5 किलोमीटर की दूरी में छतरपुर, चांपा और जमुई गांव.

ऐसे चल रहा पत्राचार का खेल

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा शहडोल नगर पालिका की सीमा वृद्धि को लेकर 5 अगस्त 2022, 5 अप्रैल 2023 और 13 जून 2023 को चिठ्ठी लिखी गई। 13 जून के पत्र में नगर पालिका परिषद शहडोल की सीमा वृद्धि का प्रस्ताव अप्राप्त होने की बात कहकर 30 जून 2023 के पूर्व जानकारी चाही गई।

जवाब में 7 अगस्त 2023 को जिला शहरी विकास अभिकरण जिला शहडोल द्वारा 11 गांव को शामिल करने के लिए विस्तृत रिपोर्ट भेजने के बाद हाल ही में 20 फरवरी को पत्र लिखकर पूर्व की विस्तृत रिपोर्ट का अवलोकन प्रारूप प्रकाशन की बात कही गई है।

नगरपालिका जनप्रतिनिधियों ने कहा

शहडोल की जनता की मांग पर तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शहडोल नगर निगम बनाने की घोषणा की थी। इसे जल्द अमल में लाया जाए। यह जनता की मांग है। शहडोल नगर निगम बनने से कर्मचारियों की संख्या बढ़ेगी और जनता के लिए सुविधा वृद्धि के कार्य और बेहतर ढंग से होंगे।

प्रकाश जगवानी पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष

फरवरी 2022 में मुख्यमंत्री शिवराज के शहडोल दौरे में हमने शहडोल नगर निगम की मांग रखी थी। इससे पहले के अध्यक्षों ने भी सीमा वृद्धि का प्रस्ताव भेजा था। निश्चित ही शहडोल नगर निगम बनना चाहिए। इससे विकास को गति मिलेगी। शहर और आसपास के गांव के लोगों के मूलभूत सुविधाओं में इजाफा होगा।

उर्मिला कटारे पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष

शहडोल नगर निगम के लिए सीमा वृद्धि का प्रस्ताव मेरे कार्यकाल में ही बना था। इसके बाद के अध्यक्षों ने भी समय-समय पर पत्राचार किया। निश्चित ही शहडोल नगर निगम बनना चाहिए। इसके लिए वर्तमान विधायकों को प्रमुखता से बात रखनी चाहिए, जिससे आम जनता को सौगात मिल सके।

सत्यभामा गुप्ता पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष

जिम्मेदार अधिकारी शहडोल नगर निगम की प्रक्रिया में लेटलतीफी कर सीएम की घोषणा को झूठी घोषणा करार देने में लगे हैं। नगर निगम होने से विकास की गति तेज होगी। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद ढाई का साल का समय पर्याप्त है। अब शहडोल नगर निगम बनाने की प्रक्रिया तेज करनी चाहिए।

घनश्याम जायसवाल अध्यक्ष नगर पालिका शहडोल

Created On :   21 March 2026 4:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story