Shahdol News: रात भर में बदली ब्योहारी में 4 हाइवा से रेत चोरी के मामले की कहानी

रात भर में बदली ब्योहारी में 4 हाइवा से रेत चोरी के मामले की कहानी
तहसीलदार ने डायल-112 के हवाले किए रेत से भरे वाहन लेकिन माइनिंग सर्वेयर को हाईवा मिले ना ही पुलिस वाले

डिजिटल डेस्क,शहडोल। रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन के मामले में जिला प्रशासन के ‘अफसरों के बदलते सुर’ के चलते ‘रेत से भरे चार हाइवा’ की कहानी, रात भर में बदल गई। ब्योहारी से रीवा रोड पर 4 किलोमीटर दूर स्थित भमरहा टोल नाका के समीप रेत लोड चार हाइवा पकड़े जाने और देर शाम उन्हें छोड़ दिए जाने को लेकर, 19 मार्च (गुरुवार) सुबह 10 बजे की कार्रवाई को पहले-पहल अंजाम देने वाले तहसीलदार शनि द्विवेदी से शुक्रवार को जब सवाल-जवाब किए तो उन्होंने बताया कि पटवारी के दुर्घटना में घायल होने की सूचना पर वे, पकड़े गए रेत से लोड चारों हाईवा को विलंब से पहुंची डायल-112 की टीम के हवाले कर के माइनिंग सर्वेयर के हवाले करने की हिदायद के साथ रवाना हो गए थे।

एसडीएम भागीरथी लहरे ने गुरूवार देर शाम माइनिंग सर्वेयर द्वारा हाइवा चालकों द्वारा दिखाई गई अनूपपुर की टीपी को वैलिड बता कर गाड़ी छोड़ने की बात कही थी।

मामले में शुक्रवार को ट्विस्ट तब आया, जब माइनिंग सर्वेयर समय लाल गुप्ता ने बताया कि वे तहसीलदार की सूचना पर जब मौके पर पहुंचे तो उन्हें ना तो रेत से लोड हाइवा मिले ना ही पुलिस वाले दिखे। रेत के अवैध खनन व परिवहन को लेकर अपनी संदिग्ध कार्यप्रणाली को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहने वाले ब्योहारी थाना इस बार भी चर्चा में रहा।

हालांकि यहां कुछ समय पहले ही आए थाना प्रभारी जियाउल हक ने ‘इस गंभीर चूक व लापरवाही’ को भी हल्के में लेते हुए कहा कि, कहीं और से सूचना आ गई होगी तो डायल-112 वाले वहां चले गए होंगे। उन्होंने कहा कि जब्त किए गए ट्रक यदि उनके वाहन चालक ले भागे हैं तो उन्हें तलाश कर जब्त किया जाएगा, बशर्ते पटवारी प्रकरण बनाकर दें।

अपने बयानों से जिला प्रशासन के अफसर आमने-सामने

अनूपपुर की टीपी मुझे नहीं दिखाई थी : तहसीलदार

भमरहा टोल नाला पर उक्त कार्रवाई को अंजाम देने वाले ब्योहारी तहसीलदार शनि द्विवेदी ने बताया कि, रेत से लोड चारों हाइवा जैसे ही रोके तीन हाइवा के ड्राइवर वाहन छोड़ कर भाग गए। एक हाइवा के ड्राइवर को पकड़ कर पूछताछ की तो उसने अनूपपुर की टीपी पर रेत का परिवहन करना बताया लेकिन उसके द्वारा टीपी दिखाई नहीं गई थी।

फौरन ब्योहारी पुलिस को सूचना दी गई। ब्योहारी से महज 4 किलोमीटर की दूरी होने के बाद भी आधा घंटा तक पुलिस नहीं पहुंची। बाद में 112 का स्टॉफ भेजा गया। माइनिंग सर्वेयर समय लाल गुप्ता को सूचना दी गई तो उन्होंने गोहपारू में होने की बात कहकर एक घंटे में भमरहा टोला नाका पहुंचने की बात कही।

चारो हाइवा पर प्रकरण बनाने की कार्रवाई चल रही थी कि रिश्तेदार पटवारी के हादसे में घायल होने की सूचना पर मुझे फौरन जयसिंहनगर जाना पड़ा। घायल पटवारी को वहां से रीवा लेकर चला गया। रात में पता चला कि पकड़े गए चारों हाइवा ड्राइवर लेकर चले गए हैं।

मुझे मौके पर कुछ नहीं मिला : माइनिंग सर्वेयर

इस पूरे मामले में गुरूवार को किसी भी प्रकार की जानकारी से इंकार करने वाले खनिज विभाग के सर्वेयर समय लाल गुप्ता के सुर शुक्रवार को बदले नजए आए। उन्होंने कहा कि वे जब भमरहा टोल नाका पहुंचे तो एक भी हाइवा वहां मौके पर मौजूद नहीं थे। पुलिस के जवान भी नहीं थे। इसके बाद ट्रैक्टर से रेत चोरी की सूचना मिलने पर दूसरी जगह कार्रवाई के लिए चला गया था।

तहसीलदार को फौरन प्रकरण बनाना था : टीआई

ब्योहारी टीआई जियाउल हक ने शुक्रवार को कहा कि तहसीलदार की सूचना के बाद डायल 112 को रवाना किया गया था। उनको किसी दूसरी घटना का इनपुट मिला होगा तो वे चले गए होंगे। इस मामले में तहसीलदार को फौरन ही प्रकरण बनाना था। टीआई ने कहा कि, अब अगर वे प्रकरण तैयार करके देते हैं तो चारो हाइवा को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

Created On :   21 March 2026 5:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story