उमरिया न्यूज: स्कूल की छत का प्लास्टर गिरने से छात्र हुआ घायल, सिर मे आई चोट

स्कूल की छत का प्लास्टर गिरने से छात्र हुआ घायल, सिर मे आई चोट
स्कूल के प्राचार्य ने इस गंभीर घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को नहीं दी और चुपचाप घायल छात्रों का इलाज करवाकर मामले पर पर्दा डालने की पूरी कोशिश की।

डिजिटल डेस्क उमरिया। जिले के अखड़ार गांव स्थित सरकारी स्कूल में 24 जुलाई को हुए एक बड़े हादसे में 12वीं कक्षा की छत का प्लास्टर गिरने से दो से तीन छात्र घायल हो गए, जिनमें लवकुश गुप्ता नामक छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है। उसके सिर और कंधे समेत शरीर के कई हिस्सों में फ्रैक्चर आया है। हैरानी की बात यह है कि स्कूल के प्राचार्य ने इस गंभीर घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को नहीं दी और चुपचाप घायल छात्रों का इलाज करवाकर मामले पर पर्दा डालने की पूरी कोशिश की। जिला शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र सिंह बरकड़े इस घटना से पूरी तरह अनजान रहे और इसे प्राचार्य की बड़ी चूक बताते हुए जांच की बात कह रहे हैं। हादसे के बाद क्लास को दूसरे कमरे में शिफ्ट कर दिया गया है, लेकिन महज पांच साल पहले बने इस स्कूल भवन के प्लास्टर गिरने और मलबे में बड़े-बड़े पत्थर मिलने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और भ्रष्टाचार पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


Created On :   30 July 2026 4:14 PM IST

Tags

Next Story