IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी से लेकर साकिब हुसैन तक, आईपीएल में अपना जलवा बिखेर रहे बिहार के ये क्रिकेटर्स

वैभव सूर्यवंशी से लेकर साकिब हुसैन तक, आईपीएल में अपना जलवा बिखेर रहे बिहार के ये क्रिकेटर्स
आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी, साकिब हुसैन और ईशान किशन समेत कई खिलाड़ी अपनी चमक बिखेर रहे हैं।

डिजिटल डेस्क, पटना। आईपीएल का 19वां सीजन खेला जा रहा है, जिसमें करीब आधे मुकाबले हो चुके हैं। इस दौरान एक से बढ़कर एक मैच देखने को मिले हैं। कुछ ही दिन पहले दिल्ली-पंजाब के मैच में 265 जैसा विशाल स्कोर भी चेज हुआ है। वहीं इसके बाद दिल्ली को उसी पिच पर केवल 75 रन पर सिमटते भी देखा है। अभी तक इस सीजन में जिस प्लेयर ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी हैं, वो है वैभव सूर्यवंशी। उन्होंने अब तक इस आईपीएल में 200 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 357 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 2 अर्धशतक और 1 शतक निकला है। केवल 15 साल की उम्र में अपनी आक्रमक बैटिंग से बॉलर्स के मन में खौफ पैदा करने वाले वैभव देश के बिहार राज्य से आते हैं। हालांकि सिर्फ वैभव ही नहीं हैं जो बिहार से आते हैं उनके अलावा भी कई प्लेयर आईपीएल 2026 में धूम मचाए हुए हैं। आईए जानते हैं उनके बारे में.....

वैभव सूर्यवंशी

सबसे पहले बात करते हैं वैभव सूर्यवंशी की। उनका जन्म 27 मार्च 2011 को बिहार के समस्तीपुर जिले में हुआ था। उन्होंने 4 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरु किया। 14 साल की उम्र में उन्होंने आईपीएल में डेब्यू कर इतिहास रच दिया था। वह आईपीएल में खेलने वाले सबसे कम उम्र के क्रिकेटर बने थे। अपने पहले ही सीजन यानि 2025 में उन्होंने केवल 35 गेंदों पर शतक लगाकर, सभी को हैरान कर दिया था।

इसके बाद उन्होंने भारत की अंडर19 टीम में डेब्यू किया और वर्ल्डकप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने। उनके आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने आईपीएल में अभी तक 15 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 3 अर्धशतक के साथ 609 रन बनाए हैं।

साकिब हुसैन

सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज साकिब हुसैन भी बिहार से ही आते हैं। उन्होंने इस सीजन में अपने डेब्यू मैच में ही 4 विकेट झटककर सुर्खियां बटोरी थीं। 21 साल का यह तेज गेंदबाज बिहार के गोपालगंज का रहने वाला है।

मुकेश कुमार

बिहार के गोपालगंज में जन्म तेज गेंदबाज मुकेश कुमार आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं। उन्होंने 2023 में अपना आईपीएल डेब्यू किया था, तब से ही वह दिल्ली टीम का हिस्सा हैं। हालांकि इस सीजन में उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा, वह 7 मैचों में अभी तक केवल 5 विकेट ही ले सके हैं।

ईशान किशन

ईशान किशन का ताल्लुक भी बिहार से है। उनका जन्म 18 जुलाई 1988 को बिहार की राजधानी में पटना में हुआ था। ईशान भी आईपीएल 2026 में शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उनके बल्ले से 200 से ज्यादा रन निकल चुके हैं। इसके अलावा ईशान टी20 वर्ल्डकप 2026 की विनर टीम इंडिया का हिस्सा थे। ईशान को पिछले साल सनराइजर्स हैदराबाद ने अपनी टीम में शामिल किया था। इससे पहले वे मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे।

इन खिलाड़ियों के अलावा बिहार के और भी खिलाड़ी जो आईपीएल में किसी न किसी टीम का हिस्सा हैं। इनमें मोहम्मद सलाहु्द्दीन (मुंबई इंडियंस), सुशांत मिश्रा (राजस्थान) और अमित कुमार (सनराइजर्स हैदराबाद) शामिल हैं।

Created On :   28 April 2026 6:27 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story