IPL Records: अपनी बैखौफ बल्लेबाजी से वैभव सूर्यवंशी ने हिला डाली आईपीएल की रिकॉर्ड बुक, रोहित और विराट समेत कई दिग्गजों को छोड़ा पीछे

डिजिटल डेस्क, जयपुर। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के यंग स्टार वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिससे क्रिकेट जगत चौंक गया है। मंगलवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच में वैभव ने एक बार फिर विस्फोटक बैटिंग की। इसकी बदौलत न केवल उन्होंने अपनी टीम को अच्छी शुरुआत दी, बल्कि रिकॉर्ड बुक भी हिला दी। वैभव ने पंजाब के खिलाफ मात्र 16 गेंदों पर 3 चौके और 5 छक्कों की मदद से 43 रन बनाए।
बनाया ये बड़ा रिकॉर्ड
43 रन की पारी खेलकर वैभव ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह आईपीएल के अब तक सभी सीजन में सबसे तेज 400 रन का आंकड़ा छूने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने यह मुकाम केवल 167 गेंदों पर हासिल किया, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है।
दरअसल, सबसे तेज 400 रन बनाने के मामले में उन्होंने वेस्टइंडीज के धाकड़ ऑलराउंडर आंद्रे रसेल को पीछे छोड़ दिया है। रसेल ने आईपीएल 2019 में 188 गेंदों पर 400 रन बनाए थे। वैभव किस लेवल की बैटिंग कर रहे हैं उसकी गवाही ये आंकड़े दे रहे हैं।
यह भी पढ़े -जिम्बाब्वे ने पाकिस्तान दौरे के लिए टीम की घोषणा की, नोमवेलो सिबांडा टीम की कप्तानी करेंगी
छक्कों के शतक से एक कदम दूर
केवल आईपीएल ही नहीं, टी20 क्रिकेट में भी वैभव का बल्ला जमकर चल रहा है। इस दौरान उन्होंने 27 पारियों में 511 गेंदें खेलकर 99 सिक्स जड़े हैं। मतलब वह छक्कों का शतक जड़ने से केवल एक कदम दूर हैं। एक छक्का और लगा देने पर वैभव वेस्टइंडीज के पूर्व धाकड़ बैटर किरोन पोलार्ड का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। जिन्होंने टी20 क्रिकेट में 843 गेंदों का सामना कर 100 छक्के लगाए थे।
1 हजार रन बनाने वाले सबसे युवा प्लेयर
15 साल के वैभव इससे पहले टी20 में सबसे कम उम्र में 1 हजार रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। वहीं इस समय वो आईपीएल 2026 के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 9 मैचों में 400 रन बनाए हैं। कल के मैच में अपनी पारी का 24वां रन बनाते ही उन्होंने ये उपलब्धि अपने नाम किया।
Created On :   29 April 2026 4:45 PM IST












