T20 WC 2026: भारत ने पाकिस्तान को दिया 171 रन का टारगेट, स्मृति मंधाना की तूफानी फिफ्टी, फातिमा-सादिया ने 2-2 विकेट झटके

डिजिटल डेस्क, भोपाल। विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को 171 रन का टारगेट दिया है। बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेले जा रहे इस मैच में भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 170 रन बनाए। पाकिस्तान को यह मुकाबला जीतने के लिए 171 रन बनाने होंगे। दोनों ही टीमों का यह इस वर्ल्डकप में यह पहला मैच है।
स्मृति मंधाना की फिफ्टी
भारत की तरफ से उसकी सबसे बड़ी बैटर स्मृति मंधाना ने फिफ्टी लगाई। उन्होंने अपनी 66 रन की पारी में 44 गेंदों का सामना किया और 9 व 2 छक्के लगाए। उनके अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 36 रन बनाए। एक के बाद एक 4 विकेट गिरने के बाद भारतीय टीम दबाव में आ गई थी। ऐसे में ऋचा घोष और दीप्ति शर्मा ने आखिरी दो ओवरों में 38 रन बनाकर मैच का रुख बदल दिया। ऋचा घोष ने नाबाद 34 रन बनाए।
वहीं, पाकिस्तान की ओर से सादिया इकबाल और फातिमा सना ने सबसे जयादा 2-2 विकेट झटके। तस्मिया रुबाब और रामीन शमीम को 1-1 विकेट मिले।
नो-हैंडशेक पॉलिसी जारी
इस मुकाबले में भी टॉस के दौरान भारत और पाकिस्तान की कप्तानों ने हाथ नहीं मिलाया। पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच नो-हैंडशेक जारी है। ऐसा चौथी बार हुआ।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, क्रांति गौड़।
पाकिस्तान: मुनीबा अली (विकेटकीपर), गुल फिरोजा, आयशा जफर, आलिया रियाज, सायरा जबीन, नतालिया परवेज, फातिमा सना (कप्तान), रामीन शमीम, नशरा संधू, तस्मिया रुबाब, सादिया इकबाल।
Created On :   14 Jun 2026 9:04 PM IST











