Women's T20 WC 2026: भारत ने पाकिस्तान को 64 रन से रौंदा, स्मृति मंधाना ने 68 रन की पारी खेली, दीप्ति ने लिए 5 विकेट

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। भारत ने महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान को 64 रन से हरा दिया। एजबेस्टन में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 170 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई। यह टी20 वर्ल्डकप में भारत की पाकिस्तान पर सातवीं जीत है।
वहीं, इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने अपने वर्ल्डकप अभियान की धमाकेदार शुरुआत की है। टीम का अगला मुकाबला 17 जून को नीदरलैंड के खिलाफ है।
यह भी पढ़े -भारतीय महिला टीम ने इतिहास रचा, टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ बनाया सबसे बड़ा स्कोर
स्मृति मंधाना का शानदार अर्धशतक
भारत की तरफ से टीम की सबसे बड़ी बैटर स्मृति मंधाना ने शानदार अर्धशतक लगाया। उन्होंने 44 गेंदों में 68 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 9 चौके और 2 छक्के निकले। स्मृति के अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 36 रन की पारी खेली। आखिरी ओवरों में ऋचा घोष ने 17 बॉल पर 34 रन की तूफानी पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से सादिया इकबाल और फातिमा सना ने सबसे ज्यादा 2-2 विकेट लिए। तस्मिया रुबाब और रामीन शमीम के खाते में 1-1 सफलता आईं।
दीप्ति शर्मा ने झटके 5 विकेट
171 रन का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी रही। टीम ने पॉवरप्ले में 50 से ज्यादा रन बनाए। लेकिन इसके बाद पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से मुनीबा अली ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए। वहीं, भारत की तरफ से दीप्ति शर्मा ने केवल 10 रन देकर 5 विकेट झटके। श्री चरणी को 3 और शेफाली वर्मा को एक विकेट मिला। दीप्ति शर्मा को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस मैच में दीप्ति ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 350 विकेट भी पूरे कर लिए। वह ऐसा कारनामा करने वाली दुनिया की दूसरी महिला गेंदबाज बन गई हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत - स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, क्रांति गौड़।
पाकिस्तान - मुनीबा अली (विकेटकीपर), गुल फिरोजा, आयशा जफर, आलिया रियाज, सायरा जबीन, नतालिया परवेज, फातिमा सना (कप्तान), रामीन शमीम, नशरा संधू, तस्मिया रुबाब, सादिया इकबाल।
Created On :   14 Jun 2026 10:44 PM IST











