Deepti Sharma: 5 विकेट लेकर पाकिस्तान के बल्लेबाजों की तोड़ दी करम, प्लेयर ऑफ द मैच चुने जाने पर क्या कहा?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महिला टी-20 विश्व कप 2026 में आज रविवार (14 जून) को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला गया। मैच में पाकिस्तान को 64 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने कमाल की गेंदबाजी करके पाकिस्तान के बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी। 5 विकेट झटकने पर उन्हें अवार्ड भी दिया गया।
दीप्ति शर्मा को जब ट्रॉफी सौंपी गई, तो उन्होंने बेहद सादगी से भगवान को याद किया। दीप्ति ने कहा, 'मैं बहुत आभारी हूं। मुझे इस तरह की पिचें बहुत पसंद हैं। इस प्रदर्शन का पूरा श्रेय पूरी टीम को जाता है और मैं बस यही कहूंगी कि हनुमान जी महान हैं।' दीप्ति ने आगे कहा कि उन्हें आईसीसी टूर्नामेंट्स में खेलना बेहद पसंद है। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि मुझे आईसीसी टूर्नामेंट्स रास आते हैं, क्योंकि मेरे करियर की शुरुआत भी यहीं से हुई थी, इसलिए मुझे यह मंच बहुत पसंद है।'
दीप्ति ने अपनी गेंदबाजी की रणनीति का खुलासा करते हुए कहा, 'चूंकि इस पिच पर गेंद को टर्न मिल रहा था, इसलिए मैंने हर गेंद और हर ओवर में अपनी गति में बदलाव किया। इसने मेरी बहुत मदद की। मुझे खुद पर पूरा भरोसा था कि हवा में गेंद की रफ्तार को थोड़ा धीमा रखना है और सही दिशा में गेंदबाजी करनी है। मैंने बस वही किया।'
इंग्लैंड में मौजूद भारतीय फैंस को देखकर दीप्ति बेहद खुश नजर आईं। उन्होंने कहा, 'यहां का क्राउड अद्भुत है। आज बहुत सारे लोग भारतीय टीम को सपोर्ट करने आए थे। हम हर मैच में ऐसा ही समर्थन चाहते हैं, आप लोग ऐसे ही आते रहिए और हमें सपोर्ट करते रहिए।' दीप्ति ने अपनी गेंदबाजी के अलावा टीम की बल्लेबाजी की भी तारीफ की। स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर के बीच इस मैच में 91 रनों की साझेदारी हुई। इसे लेकर उन्होंने कहा, 'मैं खास रूप से स्मृति मंधाना और हैरी दी (हरमनप्रीत कौर) की साझेदारी का जिक्र करना चाहूंगी। उनकी उस पार्टनरशिप ने ही मैच का पूरा मोमेंटम हमारी तरफ मोड़ दिया था।'
Created On :   15 Jun 2026 12:42 AM IST











