NZ Vs SL T20 WC: न्यूजीलैंड की शानदार जीत, मेजबान श्रीलंका वर्ल्डकप से हुआ बाहर, रचिन रवींद्र का ऑलराउंड प्रदर्शन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मेजबान श्रीलंका का टी20 वर्ल्डकप का सफर खत्म हो गया। सुपर-8 मुकाबले में उसे न्यूजीलैंड के हाथों 61 रन से हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले टीम को इंग्लैंड के हाथों 51 रन से हार का सामना करना पड़ा था। तीन में से अपने दो मैच हारकर टीम टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है।
बुधवार को आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मैच की शुरुआत में श्रीलंका ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 168 रन बनाए। 169 रन के टारगेट का पीछा कर रही श्रीलंका की टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 107 रन ही बना सकी। न्यूजीलैंड के रचीन रवींद्र मैन ऑफ द मैच रहे। उन्होंने पहले बल्ले से 32 रन बनाए फिर गजब की गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके।
यह भी पढ़े -टी20 वर्ल्ड कप सेंटनर के बाद रचिन का जलवा, न्यूजीलैंड की 61 रन से जीत, खिताबी रेस से बाहर श्रीलंका
इससे पहले टॉस हारकर पहले बैटिंग कर रही न्यूजीलैंड की टीम ने 84 रन पर अपने टॉप-6 विकेट गंवा दिए थे। संकट में फंसी टीम को कप्तान मिचेल सैंटनर ने कोल मैकॉन्ची के साथ 47 बॉल पर 84 रन की साझेदारी कर संभाला। दोनों की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 168 रन का स्कोर खड़ा किया। सैंटनर ने 47 जबकि मैकॉन्ची ने 31 रन की पारी खेली। बता दें कि यह न्यूजीलैंड की ओर से 7वें विकेट के लिए टी-20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ी साझेदारी है। श्रीलंका की ओर से महीश तीक्षाना और दुशमंथा चमीरा ने 3-3 विकेट झटके।
169 के टारगेट का पीछा करने उतरी श्रीलंका टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। उसने अपने दो विकेट महज 6 रन पर गंवा दिए। इसके बाद 29 रन आते-आते टीम के चार बैटर आउट हो गए। टीम अपने पहले पॉवरप्ले में महज 20 रन ही बना सकी। बीच के ओवरों में पार्ट टाइम बॉलर रचिन रवींद्र ने गजब की गेंदबाजी की। उन्होंने बैक-टू-बैक चार विकेट झटककर श्रीलंकन टीम को मैच में वापसी नहीं करने दी। कामिंडु मेंडिस श्रीलंका के टॉप स्कोरर रहे, उन्होंने 31 रन बनाए।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
श्रीलंका - पथुम निसांका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), पवन रत्नायके, चरिथ असलंका, दसुन शनाका (कप्तान), कामिंडु मेंडिस, दुनिथ वेल्लालागे, दुषन हेमंथ, महीश तीक्षणा, दुष्मंथा चमीरा, दिलशान मदुशंका।
न्यूजीलैंड - फिन एलन, टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चापमन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), कोल मैकॉन्ची, मैट हेनरी, ईश सोढी और लॉकी फर्ग्यूसन।
Created On :   25 Feb 2026 11:08 PM IST












