World Cup 2027: टी 20, टेस्ट के बाद 50 ओवर के फॉर्मेट से संन्यास लेने की तैयारी? विराट कोहली ने बताया कौन सा मैच होगा आखिरी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। विराट कोहली ने कहा कि 2027 का वनडे वर्ल्ड कप उनके करियर का आखिरी विश्व कप टूर्नामेंट होगा। वे इसके लिए पूरी तरह तैयार है और ट्रॉफी जीतने के लिए कुछ भी करने को तैयार है।
यह भी पढ़े -एशियन गेम्स 'गोल्ड मेडल' के लिए 8 साल लंबा इंतजार, सोनाली शिंगटे ने इंजरी के बावजूद नहीं मानी हार
कोहली ने जियोहॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर कहा कि वह 2027 में आखिरी बार विश्व कप टूर्नामेंट खेलेंगे। उन्होंने कहा, "50 ओवर के विश्व कप की अहमियत किसी भी चीज से कहीं ज्यादा होती है। क्योंकि अब इसमें टी20 स्तर की तीव्रता वाले लगभग 10 मैच होते हैं। लेकिन आप एक दिन में ढाई टी20 मैच खेल रहे होते हैं। और एक बड़े टूर्नामेंट और विश्व कप में 10 मैचों के लिए उस तीव्रता को बनाए रखना एक बड़ी बात है। साथ ही अब यह विदेशी परिस्थितियों में हो रहा है। यह आपको बहुत थका देता है। मेरे लिए यह भारत के लिए खेला जाने वाला मेरा आखिरी विश्व कप है। और यही मेरी प्रेरणा है।"
उन्होंने आगे कहा वह इस विश्व कप के लिए अपना सबकुछ झोंक देना चाहते है और इसके लिए वह खून पसीना एक कर देंगे। 2027 में होने वाला वनडे वर्ल्ड कप 4 अक्टूबर से 21 नवंबर तक खेला जाएगा। यह विश्व कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेला जाएगा जहां ज्यादातर मुकाबले दक्षिण अफ्रीका में खेले जाएंगे।
यह भी पढ़े -कबड्डी में भारत का 'गोल्डन डे', विमेंस के बाद मेंस टीम ने जीता गोल्ड मेडल, फाइनल में ईरान को 40-34 से हराया
कैसा है विराट का वर्ल्ड कप रिकॉर्ड?
विराट अब तक 4 वनडे वर्ल्ड कप खेल चुके हैं। 2027 में कोहली अपना पांचवां वनडे वर्ल्डकप खेलेंगे। कोहली के नाम वनडे वर्ल्ड कप के इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी का रिकॉर्ड हैं। उन्होंने अब तक विश्व कप में 37 पारियां खेलते हुए कुल 1795 रन बनाए हैं। जिनमें 5 शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं।
कोहली ने अपने करियर में 2 वर्ल्ड कप फाइनल (2011 और 2023) खेले हैं। 2011 के विश्व कप फाइनल में कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ 35 रन बनाए थे। वहीं 2023 वर्ल्ड कप के फाइनल में 54 रन बनाने के बावजूद भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया से 6 विकेट से हार गई थी।
2027 में बन सकता है नया रिकॉर्ड
विराट के पास 2027 विश्व कप में नया रिकॉर्ड बनाने का मौका है। अगर 2027 के वर्ल्ड कप में विराट 205 रन और बना लेते हैं, तो वर्ल्ड कप में 2000 रन पूरे करने वाले दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे। अब तक यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है जिन्होंने 44 पारियों में 2278 रन बनाए थे।
यह भी पढ़े -एशियन गेम्स 2026 ओह येओनजी को हराकर प्रिया ने किया बड़ा उलटफेर, क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
विराट- रोहित ने एक साथ लिया था टी-20 से संन्यास
जून 2024 में टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद विराट और रोहित ने टी-20 फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था। फाइनल मैच में विराट प्लेयर ऑफ द मैच बने थे। फाइनल जीतने के बाद कोहली ने कहा, 'यह मेरा आखिरी टी20 वर्ल्ड कप था, यह वही था जो हम हासिल करना चाहते थे। वहीं रोहित ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने संन्यास का ऐलान किया था।
Created On :   26 Sept 2026 5:37 PM IST












