IND vs IRE: कौन हैं जय मुंदड़ा? टीम इंडिया के खिलाफ खेलेगा राजस्थान का तेज गेंदबाज, आयरलैंड टीम से करेगा इंटरनेशनल डेब्यू

कौन हैं जय मुंदड़ा? टीम इंडिया के खिलाफ खेलेगा राजस्थान का तेज गेंदबाज, आयरलैंड टीम से करेगा इंटरनेशनल डेब्यू
भारत में क्रिकेट खेलने वाले हर क्रिकेटर का सपना होता है कि वो टीम इंडिया के लिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू करे। लेकिन मौजूदा समय में बढती प्रतिस्पर्धा के बीच देश के कई खिलाड़ी दूसरे देशों के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते दिखाई दे रहे हैं।

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। भारत में क्रिकेट खेलने वाले हर क्रिकेटर का सपना होता है कि वो टीम इंडिया के लिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू करे। लेकिन मौजूदा समय में बढती प्रतिस्पर्धा के बीच देश के कई खिलाड़ी दूसरे देशों के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते दिखाई दे रहे हैं। हाल ही में निखिल चौधरी ने ऑस्ट्रेलिया के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया था। इस क्रम में जय मूंदड़ा का नाम भी जुड़ गया है जो 26 जून से भारत के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज में आयरलैंड के लिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू कर सकते हैं।

राजस्थान से आयरलैंड कैसे पहुंचे?

अब सवाल उठता है कि राजस्थान के जय मुंदड़ा राजस्थान से आयरलैंड कैसे पहुंचे और वहां की नेशनल टीम के साथ कैसे जुड़े? दरअसल, जय साल 2021 में M Tech की पढ़ाई करने के लिए आयरलैंड गए थे। इस दौरान उन्होंने क्रिकेट खेलना जारी रखा। आयरलैंड में करीब 4 साल रहने के बाद 2025 में उन्हें वहां की नागरिकता मिल गई। और अब वह आयरलैंड की नेशनल क्रिकेट टीम का हिस्सा बन गए।

जय के आयरलैंड टीम में सिलेक्ट होने पर भारत में रह रहा उनका परिवार काफी खुश है। जय की बहन मानसी ने मीडिया से कहा, 'मुझे बहुत खुशी है कि भइया का सपना पूरा हो गया है। उनका जो सपना था, वो आखिरकार हासिल कर लिया है। घर में भी सब बहुत खुश हैं। सब उसे आशीर्वाद दे रहे हैं कि बहुत आगे जाए, ज्यादा से ज्यादा तरक्की करे। वो बचपन से ही क्रिकेट खेलता आया है।'

जय मुंदड़ा का क्रिकेट करियर

जय ने पहले आयरलैंड के घरेलू टूर्नामेंट्स में शानदार प्रदर्शन किया। लेनस्टर टीम से खेलते हुए उन्होंने अपने खेल से सभी को प्रभावित किया। डोमेस्टिक क्रिकेट में उनका टी20 डेब्यू 2024 में हुआ। इसके बाद उन्होंने इसी टीम से अगल साल लिस्ट-ए क्रिकेट में डेब्यू किया। वहीं 2026 यानि मौजूदा साल में उन्होंने लेनस्टर से ही अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू किया।

वह अब तक 1 फर्स्ट क्लास, 6 लिस्ट-ए और 5 टी20 मैच खेले हैं। लिस्ट-ए में उनके नाम 6 पारियों में 11 विकेट हैं। वहीं टी20 की 5 पारियों में उन्होंने 10 विकेट लिए हैं। अपने इकलौते फर्स्ट क्लास मैच में जय को कोई विकेट तो नहीं मिला, लेकिन उन्होंने बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए अर्धशतक जड़ा था।

Created On :   25 Jun 2026 6:44 PM IST

Tags

Next Story