SRH Vs DC: सनराइजर्स हैदराबाद की बंपर जीत, दिल्ली को 47 रन से हराया, अभिषेक का तूफानी शतक, मलिंगा ने झटके 4 विकेट

सनराइजर्स हैदराबाद की बंपर जीत, दिल्ली को 47 रन से हराया, अभिषेक का तूफानी शतक, मलिंगा ने झटके 4 विकेट
आईपीएल 2026 के 31वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को 47 रन से हरा दिया। यह इस सीजन में हैदराबाद की चौथी जीत है। इसी के साथ ही वो पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर आ गई है।

डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। आईपीएल 2026 के 31वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को 47 रन से हरा दिया। यह इस सीजन में हैदराबाद की चौथी जीत है। इसी के साथ ही वो पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर आ गई है। हैदराबाद के होम ग्राउंड राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीता और गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बैटिंग करते हुए हैदराबाद ने 20 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 242 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 195 रन ही बना सकी।

अभिषेक शर्मा का तूफानी शतक

पहले बैटिंग करते हुए हैदराबाद की अच्छी शुरुआत हुई। टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने धुआंधार अंदाज में बैटिंग की और केवल 8.5 ओवर में 97 रन की साझेदारी की। ट्रेविस हेड के आउट होने के बाद अभिषेक शर्मा ने कप्तान ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी की। हेड 37 और ईशान 25 रन बनाकर आउट हुए। आखिरी ओवरों में हेनरिक क्लासेन और अभिषेक शर्मा ने हैदराबाद के बॉलर्स की जमकर कुटाई की। अभिषेक शर्मा 68 गेंदों पर 10 चौके और 10 छक्कों की मदद से 135 रन बनाकर नॉट आउट लौटे। क्लासेन ने केवल 13 गेंदों पर 3 छक्के और इतने ही चौकों की मदद से 37 रन बनाए। हैदराबाद ने 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 242 रन बनाए। दिल्ली की ओर से एक विकेट अक्षर पटेल को मिला, जबकि हैदराबाद का एक बैटर रन आउट हुआ।

बड़े टारगेट को चेज नहीं कर पाई दिल्ली

243 रन के बड़े टारगेट का पीछा करने उतरी दिल्ली को जैसी शुरुआत चाहिए थी, वैसी नहीं मिली। तीसरे ओवर में ही ओपनर पथुम निशांका आउट हो गए। इसके बाद केएल राहुल और नीतीश राणा ने अच्छी बल्लेबाजी की। इन दोनों के आउट होने के बाद दिल्ली की पारी लड़खड़ा गई। समीर रिजवी को छोड़कर कोई भी बैटर ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक पाया। टीम की ओर से नीतीश राणा ने सबसे ज्यादा 57 रन की पारी खेली। उनके बाद समीर रिजवी ने 41 और केएल राहुल ने 37 रन बनाए।

हैदराबाद की ओर से ईशान मलिंगा ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके। उनके अलावा हर्ष दुबे को 3 विकेट मिले। नीतीश रेड्डी और दिलशान मदुशंका के खाते में 1-1 सफलता आई। अभिषेक शर्मा को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Created On :   21 April 2026 11:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story