Vijay Hazare Trophy 2025-26: विदर्भ ने रचा इतिहास, पहली बार जीती विजय हजारे ट्रॉफी, खिताबी मुकाबले में सौराष्ट्र को 38 रन से हराया

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। विदर्भ ने भारतीय घरेलू क्रिकेट के सबसे बड़े वनडे टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का खिताब अपने नाम कर लिया है। बेंगलुरु में खेले गए फाइनल मुकाबले में विदर्भ ने सौराष्ट्र को 38 रन से मात दी। विदर्भ की ओर से अथर्व तायडे ने शानदार शतक लगाया। वहीं यश ठाकुर ने 4 विकेट झटके।
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड में खेले गए खिताबी मैच में पहले बैटिंग करते हुए विदर्भ ने 317 रन बनाए। जवाब में विदर्भ की टीम 279 रन ही बना सकी और 38 रन से मैच हार गई। इसी के साथ विदर्भ विजय हजारे ट्रॉफी जीतने वाली 13वीं टीम बन गई है। टीम पिछले साल भी फाइनल में पहुंची तब उसे कर्नाटक के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
यह भी पढ़े -'मुझे अपने देश के लिए खेलना पसंद है', प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब जीतने पर बोले डेरिल मिचेल
अब तक सबसे ज्यादा तमिलनाडु और कर्नाटक ने विजय हजारे ट्रॉफी का टाइटल अपने नाम किया है। दोनों ही टीमें 5-5 बार टूर्नामेंट की विजेता रही हैं। इनके अलावा मुंबई के नाम 4 और सौराष्ट्र के नाम 2 खिताब हैं।
ऐसा रहा मैच का हाल
पहले बैटिंग करते हुए विदर्भ ने 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 317 रन बनाए। टीम की तरफ से अथर्व तायडे ने 128 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 15 चौके और 2 छक्के लगाए। उनके अलावा यश राठौड़ 54, अमन मोखाड़े ने 33 और रविकुमार समर्थ ने 25 रन की पारी खेली। सौराष्ट्र की ओर से अंकुर पंवार सबसे सफल बॉलर रहे, उन्होंने 4 विकेट झटके।
318 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी सौराष्ट्र की बल्लेबाजी बेहद खराब रही। केवल प्रेरक मांकड़ और चिराग जानी ही विदर्भ के गेंदबाजों का सामना कर सके। मांकड़ ने 88 और चिराग ने 64 रन की पारी खेली। टीम 50 ओवर में 279 रन ही बना सकी। विदर्भ के लिए यश ठाकुर सबसे सफल गेंदबाज रहे, उन्होंने 50 रन देकर 4 विकेट लिए।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
सौराष्ट्र - हार्विक देसाई (विकेटकीपर/कप्तान), विश्वराज जड़ेजा, प्रेरक मांकड़, सम्मर गज्जर, चिराग जानी, रुचित अहीर, पार्श्वराज राणा, धर्मेंद्रसिंह जाडेजा, अंकुर पंवार, जयदेव उनादकट, चेतन सकारिया।
विदर्भ - हर्ष दुबे (कप्तान), अथर्व तायडे, अमन मोखड़े, फैज मोहम्मद शेख, रविकुमार समर्थ, रोहित बिनकर (विकेटकीपर), यश राठौड़, नचिकेत भुटे, पार्थ रेखाडे, यश ठाकुर, दर्शन नालकंडे।
Created On :   18 Jan 2026 10:41 PM IST














