IPL records: आईपीएल के भी किंग हैं विराट कोहली, ठोक चुके हैं सबसे ज्यादा शतक, टॉप-5 में तीन भारतीय बल्लेबाज शामिल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (आईपीएल) का आगाज 28 मार्च से होने वाला है। अब तक इस मेगा लीग के कुल 18 सीजन खेले गए हैं, जिसमें फैंस को जमकर चौके-छक्कों की बरसात देखने को मिली है। वैसे तो टी20 फॉर्मेट में बहुत कम शतक लगते हैं, लेकिन आईपीएल शतक के मामले में भी अन्य लीगों से आगे है। आइए जानते हैं, उन बल्लेबाजों के बारे में, जिनके नाम पर आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक दर्ज हैं।
विराट कोहली
इंटरनेशनल क्रिकेट ही नहीं आईपीएल में भी शतक लगाने के मामले में विराट कोहली नंबर वन हैं। इस दिग्गज खिलाड़ी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की ओर से 267 मैच खेले, जिसमें 39.54 की औसत के साथ 8,661 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 8 शतक और 63 अर्धशतक निकले। कोहली इस लीग में 291 छक्कों के साथ 771 चौके लगा चुके हैं।
यह भी पढ़े -बांग्लादेश के हाथों मिली शर्मनाक हार के बाद भड़का PAK का दिग्गज, हेड कोच को गोली मारने की कही बात
जोस बटलर
साल 2016 से अब तक इंग्लैंड के इस धांसू क्रिकेटर ने 121 आईपीएल मुकाबले खेले हैं जिनमें उनके नाम 4,120 रन दर्ज हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 185 छक्के और 407 चौके निकले। बटलर ने आईपीएल में 7 शतक और 24 अर्धशतक लगाए हैं।
क्रिस गेल
वेस्टइंडीज के इस दिग्गज खिलाड़ी ने साल 2009 से 2021 के बीच अपने आईपीएल करियर में 142 मैच खेले, जिसमें 39.72 की औसत के साथ 4,965 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 6 शतक और 31 अर्धशतक निकले। गेल के नाम आईपीएल का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी है। उन्होंने साल 2013 में आरसीबी की तरफ से खेलते हुए पुणे वॉरियर्स के खिलाफ नाबाद 175 रन बनाए थे।
यह भी पढ़े -आईपीएल 2026 प्रैक्टिस सेशन के लिए नए दिशा-निर्देश जारी, विपक्षी खेमे की पिच इस्तेमाल नहीं कर सकेगी टीम
केएल राहुल
केएल राहुल ने आईपीएल में अभी तक कुल 145 मैच खेले हैं, जिसमें 46.21 की औसत के साथ उनके नाम 5,222 रन दर्ज हैं। इस दौरान केएल राहुल के बल्ले से 5 शतक और 40 अर्धशतक निकले।
शुभमन गिल, शेन वॉटसन और डेविड वॉर्नर
शुभमन गिल, शेन वॉटसन और डेविड वॉर्नर इस सूची में संयुक्त रूप में पांचवे नंबर पर हैं। तीनों के ही नाम 4-4 शतक दर्ज हैं। गिल ने 118 मुकाबलों में अब तक 39.44 की औसत के साथ 3,866 रन बनाए हैं। वहीं, शेन वॉटसन ने 145 आईपीएल मुकाबलों में 30.99 की औसत के साथ 3,874 रन बनाए। वॉर्नर ने आईपीएल करियर में 184 मैच खेले, जिनमें 40.52 की औसत के साथ 6,565 रन जुटाए।
Created On :   12 March 2026 9:44 PM IST












