भारत की शर्मनाक हार: वेस्टइंडीज ने 24 रन से जीता चौथा टी20, शाई होप ने ठोका तूफानी शतक, कीमो पॉल ने झटके 5 विकेट

डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। वेस्टइंडीज ने चौथे टी20 में मुकाबले में भारत को 24 रन से हरा दिया। इसी के साथ 5 मैचों की सीरीज 2-2 की बराबरी पर आ गई। अब सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला 17 अगस्त को बेंगलुरु में खेला जाएगा।
हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बैटिंग करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 247 रन बनाए। कप्तान शाई होप ने नाबाद 102 रन की पारी खेली। उन्होंने 50 गेंदों का सामना किया और 4 चौके व 9 छक्के जड़े। यह इस सीरीज में होप का दूसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने रांची में खेले गए दूसरे टी20 में शतक लगाया था।
यह भी पढ़े -वेस्टइंडीज ने भारत को दिया 248 रन का टारगेट, टीम इंडिया के गेंदबाजों पर जमकर बरसे शाई होप, जड़ा सीरीज का दूसरा शतक
होप के अलावा शेरफेन रदरफोर्ड ने नाबाद 49 रन की पारी खेली। शेमरेन हेटमायर ने 33 रन बनाए। भारत गेंदबाज काफी महंगे साबित हुए प्रिंस यादव को छोड़कर सभी ने 11 की इकोनॉमी रेट से रन दिए। प्रिंस यादव, अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह को 1-1 सफलता मिली।
248 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की जोड़ी ने वेस्टइंडीज के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। खासकर संजू की बल्लेबाजी धुंआधार रही। उन्होंने 23 गेंदों पर 6 चौके और 4 छक्के की मदद से 56 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में अपने 100 छक्के भी पूरे किए।
संजू के आउट होने के बाद भारतीय टीम को एक के बाद एक तीन झटके लगे। तिलक वर्मा ने 43 और नीतीश रेड्डी ने 41 रन की पारी जरूर खेली, लेकिन वो टीम को जीत नहीं दिला सके। वेस्टइंडीज की तरफ से कीमो पॉल ने 5 विकेट लिए। नाबाद 102 रन की शतकीय पारी खेलने वाले वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
Created On :   14 Oct 2026 11:19 PM IST














