Ashadh Maas 2025: शुरू हो चुका है आषाढ़ माह, जानिए इसका महत्व

शुरू हो चुका है आषाढ़ माह, जानिए इसका महत्व
इस महीने में जगन्नाथ रथयात्रा निकाली जाती है, इसी महीने में भगवान विष्णु शयन मुद्रा में जाते हैं, इसी महीने में गुरु पूर्णिमा का पर्व मनाया जाता है

डिजिटल डेस्क, भोपाल। हिन्दू पंचांग के हर एक माह का अपना अलग महत्व होता है। लेकिन, इन सब में आषाढ़ मास (Ashadh Maas) खास है। इसी महीने में उड़ीसा में जगन्नाथ रथयात्रा निकाली जाती है। साथ ही इसी महीने में जगत के पालनकर्ता यानि कि भगवान विष्णु शयन मुद्रा में जाते हैं। आषाढ़ में आने वाली देवशयनी एकादशी पर श्री हरि चार माह के लिए शयन करने चले जाते हैं, जो देवउठनी एकादशी पर उठते हैं।

इस महीने में पूजा-पाठ, धार्मिक यात्राएं और दान करना बेहद शुभ माना जाता है। मानयता है कि, इस महीने में भगवान विष्णु और शिव की पूजा करने से जीवन की समस्याएं दूर होती हैं। साथ ही व्यक्ति को पुण्य फल की प्राप्ति होती है। इस वर्ष यह माह 12 जून 2025, गुरुवार से शुरू हो चुका है। इस महीने में कुछ बातों का विशेष ख्याल रखा जाता है। आइए जानते हैं इसके बारे में...

धार्मिक अनुष्ठान करें

इस महीने में भगवान विष्णु की आराधना करना शुभ फल प्रदान करता है। ऐसे में लोग इस महीने में सत्यनारायण भगवान की कथा घरों और धार्मिक स्थ्लों पर कराते हैं। कई लोग हरि कथा, भागवत कथा और अन्य प्रकार के धार्मिक अनुष्ठान करते हैं। इसके अलावा इस महीने में श्रीहरि के साथ ही भगवान शिव की पूजा को भी काफी शुभ माना जाता है।

इस महीने में दान का विशेष महत्व

इस माह को दान-पुण्य के लिए भी श्रेष्ठ बताया गया है। आषाढ़ मास में खड़ाऊं, छाता, नमक, तांबा, कांसा, आंवला, मिट्टी का पात्र, गेहूं, गुड़, चावल, तिल दान करना शुभ माना जाता है। इसके अलावा आषाढ़ अमावस्या को स्नान, दान-पुण्य, पितृ कर्म के लिए बहुत पुण्य फलदायी माना जाता है।

इन व्रतों का पालन करें

इस महीने में आने वाली योगिनी एकादशी का व्रत करने से 88 हजार ब्राह्मणों को भोजन कराने के बराबर पुण्य फल प्राप्त होता है। वहीं शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को देवशयनी एकादशी से भगवान विष्णु योग निद्रा में चले जाते हैं। इसी महीने में गुरु पूर्णिमा का पर्व मनाया जाता है। इस दिन व्रत रखने के साथ ही गुरुजनों की पूजा कर आाशीर्वाद लें।

डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।

Created On :   12 Jun 2025 10:55 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story