काशी में देव दीपावली की भव्य तैयारी: 11 लाख दीयों से जगमगाएंगे गंगा के घाट, पहली बार 2100 ड्रोन दिखाएंगे आसमान में धार्मिक और सांस्कृतिक झलकियां

डिजिटल डेस्क, वाराणसी। धर्म और आस्था की नगरी काशी एक बार फिर देव दीपावली के भव्य आयोजन के लिए तैयार है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 24 नवंबर की शाम वाराणसी के गंगा घाट लाखों दीयों की रोशनी से जगमगा उठेंगे। इस बार गंगा के दोनों किनारों और शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर 11 लाख से अधिक दीप जलाने की तैयारी की गई है।
खास बात यह है कि विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर अकेले 51 हजार दीप जलाए जाएंगे। जब एक साथ लाखों दीपों की रोशनी गंगा की लहरों पर झिलमिलाएगी, तो पूरा काशी शहर किसी स्वर्ग जैसी नगरी का एहसास कराएगा। इस बार दीपों की रोशनी के साथ लेजर शो, ग्रीन आतिशबाजी और 2100 ड्रोन का विशेष प्रदर्शन भी आयोजन को खास बनाएगा।
यह भी पढ़े -देव दीपावली 24 नवंबर को मनाई जाएगी, जानें गंगा स्नान, दीपदान का शुभ मुहूर्त, धार्मिक महत्व और पूजा विधि
84 घाटों पर जलेंगे लाखों दीप, गंगा के दोनों किनारे होंगे रोशन
देव दीपावली को लेकर जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। काशी के सभी 84 प्रमुख घाटों को दीपों से सजाने की योजना है। गंगा के दोनों किनारों पर कुल 11 लाख से अधिक दीप जलाए जाएंगे। दीप जलाने के लिए मिट्टी के दीयों की व्यवस्था की गई है। इनमें स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय लोगों की भी भागीदारी रहेगी। प्रशासन ने दीपों को समय पर घाटों तक पहुंचाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
दशाश्वमेध घाट पर 51 हजार दीपों से बनेगी रोशनी की अद्भुत छटा
देव दीपावली का सबसे खास नजारा दशाश्वमेध घाट पर देखने को मिलेगा। यहां गंगा सेवा निधि की ओर से 51 हजार दीप जलाए जाएंगे। इसके साथ ही पूरे घाट को करीब 21 क्विंटल फूल-मालाओं से सजाया गया है। घाट पर होने वाली मां गंगा की भव्य आरती श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगी। इस दौरान 21 अर्चक एक साथ विधि-विधान से मां गंगा की आरती करेंगे। आरती के समय शंख, घंटियों और मंत्रों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।
इस वर्ष दशाश्वमेध घाट का आयोजन देश के वीर जवानों के शौर्य और बलिदान को समर्पित रहेगा। कार्यक्रम में सैन्य अधिकारियों की मौजूदगी भी खास रहेगी। शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए अमर जवान ज्योति की प्रतिकृति पर पुष्पचक्र अर्पित किया जाएगा। सेना के जवान गार्ड ऑफ ऑनर और लास्ट पोस्ट के जरिए शहीदों को सलामी देंगे।
पहली बार 2100 ड्रोन से होगा भव्य शो
इस बार देव दीपावली में आधुनिक तकनीक का भी शानदार नजारा देखने को मिलेगा। आयोजन में पहली बार करीब 2100 ड्रोन का विशेष शो आयोजित करने की तैयारी है। इन ड्रोन की मदद से आसमान में भगवान शिव, गंगा अवतरण और काशी की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी आकृतियां बनाई जाएंगी। इसके अलावा चेत सिंह किला घाट पर लेजर शो का आयोजन होगा। ये दोनों ही प्रस्तुतियां कुल 25 मिनट की होंगी, इनमें 17 मिनट की 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग के बाद आठ मिनट का लेजर शो होगा।
यह भी पढ़े -नवंबर में कब है दिवाली, धनतेरस, छठ पूजा और देवउठनी एकादशी? यहां देखें पूरे महीने के व्रत-त्योहारों की तारीख और दिन
10 से 15 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद
देव दीपावली के अवसर पर वाराणसी में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। इस बार भी करीब 10 से 15 लाख लोगों के आने की संभावना जताई गई है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन ने घाटों, सड़कों, पार्किंग स्थलों और प्रमुख धार्मिक स्थानों पर विशेष व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, अस्थायी शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था की गई है।
Created On :  
