Narak Chaturdashi 2025: छोटी दिवाली या रूप चौदस, जानिए कैसे करें पूजा और क्या है अभ्यंग स्नान का मुहूर्त

डिजिटल डेस्क, भोपाल। हर साल दीपावली (Diwali) से पहले और धनतेरस के बाद कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को छोटी दिवाली (Choti Diwali) के रूप में मनाया जाता है। इसे नरक चतुर्दशी, काली चतुर्दशी और रूप चौदस के नाम से भी जाना जाता है। पंचांग के अनुसार इस साल यह पर्व 19 अक्टूबर 2025, रविवार को मनाया जाएगा। आपको बता दें कि, इस दिन स्नान और दीपदान दोनों का ही अत्यधिक महत्व माना गया है। आइए जानते हैं इस दिन का महत्व, पूजा का मुहूर्त और विधि...
छोटी दीवाली का महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन सुबह अभ्यंग स्नान करने के बाद शाम को मृत्यु के देवता यमराज की पूजा की जाती है। शाम के वक्त घर के सबसे बड़े सदस्य द्वारा यम के नाम का एक बड़ा दीया जलाया जाता है और फिर इस दीये को पूरे घर में घुमाकर बाहर जाकर दूर इस दीये को रख दिया जाता है। माना जाता है कि, यम के लिए दीपक जलाने से यमराज प्रसन्न होते हैं और उस परिवार पर से अकाल मृत्यु का संकट खत्म होता है। इस दिन कुल 12 दीपक जलाए जाते हैं।
तिथि और स्नान का शुभ मुहूर्त
तिथि प्रारंभ: 19 अक्टूबर 2025, रविवार की दोपहर 01 बजकर 51 मिनट से
तिथि समाप्त: 20 अक्टूबर 2025, की दोपहर 03 बजकर 44 मिनट तक
अभ्यंग स्नान का मुहूर्त: 19 अक्टूबर 2025 की सुबह 05 बजकर 13 मिनट से सुबह 06 बजकर 25 मिनट के बीच
पूजा विधि
- इस दिन तिल का तेल लगा कर स्नान करने की परंपरा है, इसी कारण इसे रूप चौदस भी कहा गया है।
- इस दिन भगवान कृष्ण, हनुमान जी, यमराज और मां काली की पूजा की जाती है।
- पूजा के दौरान पंचदेवों, श्रीगणेश, दुर्गा, शिव, विष्णु और सूर्यदेव की स्थापना की जाती है।
- पंचदेवों का गंगा जल से स्नान करा कर, रोली या चंदन से तिलक किया जाता है।
- सभी देवों को जनेऊ, कलावा, वस्त्र और नैवेद्य अर्पित किए जाते हैं।
- इसके बाद सभी देवों के मंत्रों और स्तुति का पाठ किया जाता है।
- पूजा का समापन आरती के बाद करें।
यह भी पढ़े -धनतेरस पर नहीं खरीदना है सोना-चांदी, तो इन चीजों को लाएं अपने घर, माता लक्ष्मी हो जाएंगी खुश!
डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।
Created On :   18 Oct 2025 9:26 PM IST