Shaniwar Ke Upay 2026: शनिवार को करें ये आसान उपाय, शनि की साढ़े साती और ढैया का प्रभाव होगा कम

शनिवार को करें ये आसान उपाय, शनि की साढ़े साती और ढैया का प्रभाव होगा कम
शनिदेव के कुप्रभाव से मुक्ति हेतु कुछ सरल उपाय शनिवार को करने से शनिदेव प्रसन्न होते हैं और बाधाओं से मुक्ति दिलाते हैं।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। हिन्दू धर्म में शनिवार का दिन शनिदेव को समर्पित है और उन्हें न्याय के देवता के रूप में पूजा जाता है। ऐसा कहा जाता है कि, जिन पर शनिदेव की कृपा बनती है उन्हें हर क्षेत्र में सफलता मिलती है। लेकिन शनि ग्रह को लेकर लोगों के मन में कई भ्रांतियां हैं। धार्मिक मान्यता है कि, व्यक्ति की कुंडली में साढ़ेसाती और ढैय्या होने पर ये उसकी सफलता में बाधक बनती है। हालांकि, ज्योतिषियों के अनुसार शनिदेव उतने अशुभ और मारक नहीं हैं जितना उन्हें माना जाता है। शनिदेव के कुप्रभाव से मुक्ति हेतु कुछ सरल उपाय शनिवार को करने से शनिदेव प्रसन्न होते हैं और बाधाओं से मुक्ति दिलाते हैं। आज हम आपको ऐसे ही कुछ उपायों के बारे में बता रहे हैं...

सरसों के तेल दान करें

यदि आपकी कुंडली में शनि की साढ़े साती और ढैया चल रही है, तो शनिवार के दिन आप सरसों के तेल का दान करें। हो सके तो सुबह स्नान के बाद दान करें। इसके लिए एक स्टील की कटोरी में सरसों का तेल भरें और इसमें एक रुपए का सिक्का भी डालें। इसके बाद इसमें अपना चेहरा देंखे और फिर इस तेल को किसी जरूरतमंद, गरीब या फिर शनि मंदिर में रख दें। इस उपाय को करने से शनि साढ़े साती और ढैया का प्रभाव कम होता है।

हनुमानजी की आराधना करें

यदि आपकी कुंडली में शनि कमजोर है या आप शनि ग्रह से जुड़ी किसी समस्या से ग्रसित हैं तो शनिवार की शाम को आप हनुमानजी की आराधना जरूर करें। शनिवार की शाम को कम से कम 11 बार पहले हनुमान चालीसा का पाठ करें और उसके बाद 11 हनुमान चालीसा अपने जानकार लोगों को बांट दें। ऐसा कहा जाता है कि इस दिन जो व्यक्ति हनुमान चालीसा का पाठ करता है और खासकर सुन्दरकाण्ड का पाठ करता है तो उसे सभी प्रकार की परेशानियों से मुक्ति मिलती है।

पीपल के पेड़ पर जल अर्पित करें

यदि आपकी कुंडली में शनि की साढ़े साती और ढैया चल रही है तो आप शनिवार को पीपल के पेड़ पर जल अर्पित करें। इस शाम अंधेरा होने के बाद एक लोटे में थोड़ी सी चीनी मिला लें और इस जल को पीपल पर अर्पित करें। साथ ही पेड़ के नीचे सरसों के तेल का दीपक जलाएं। इसके बाद पीपल के पेड़ की सात परिक्रमा करें। इस उपाय को करने से भी शनि साढ़े साती और ढैया का प्रभाव कम होता है।

डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष, वास्तुशास्त्री) की सलाह जरूर लें।

Created On :   30 Jan 2026 6:10 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story