Pati Patni Aur Panga Season 2: फिल्म सिटी में रियलिटी शो के सेट पर आग, सेट की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी के प्राइम फोकस स्टूडियो में सोमवार शाम करीब 4 बजे कलर्स चैनल के रियलिटी शो ‘पति पत्नी और पंगा सीजन 2’ के सेट पर आग लग गई। शूटिंग के लिए तैयार किए गए सेट पर आग लगते ही वहां मौजूद कलाकारों और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। फिल्म सिटी परिसर में रोजाना बड़ी संख्या में कलाकार, तकनीशियन और दूसरे सिने वर्कर्स शूटिंग के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सेट पर लगी इस आग ने शूटिंग स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
यह भी पढ़े -संजय दत्त ही नहीं, भारत पर अपने बयानों को लेकर विवादों में घिर चुके हैं शाहरुख, आमिर और नसीरुद्दीन शाह
ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने आरोप लगाया है कि शो के सेट पर पर्याप्त अग्नि सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। संगठन के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने कहा कि फिल्म सिटी में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं और हर बार सेट पर काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा का सवाल उठता है। उनके मुताबिक, सेट पर आग से बचाव के लिए जरूरी बुनियादी इंतजाम मौजूद होना बेहद जरूरी है, क्योंकि शूटिंग सेट पर बड़ी संख्या में लोग एक साथ काम करते हैं। गुप्ता ने कहा कि फिल्म सिटी में बने स्टूडियो और सेट पर शूटिंग चलने की जानकारी प्रबंधन को होती है। ऐसे में शूटिंग शुरू होने से पहले सुरक्षा मानकों की जांच और अग्नि सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी हादसे की स्थिति में सबसे ज्यादा खतरा सेट पर काम करने वाले तकनीकी कर्मचारियों और अन्य वर्कर्स को रहता है।
घटना के बाद एआईसीडब्ल्यूए ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र भेजकर यह जांच कराने की मांग की है कि आग कैसे लगी और सेट पर अग्नि सुरक्षा के क्या इंतजाम मौजूद थे। इसके अलावा चैनल, शो के निर्माता और प्रोडक्शन हाउस के खिलाफ लापरवाही को लेकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। एआईसीडब्ल्यूए ने फिल्म सिटी के प्रबंध निदेशक के इस्तीफे की मांग भी की है। संगठन ने सरकार से फिल्म सिटी में होने वाली हर शूटिंग के लिए फायर ऑडिट, अग्नि सुरक्षा कर्मचारियों और पर्याप्त अग्निशमन उपकरण अनिवार्य करने की मांग की है। साथ ही सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रोडक्शन के लाइसेंस पर कार्रवाई करने की बात कही है। गुप्ता के मुताबिक, फिल्म सिटी में काम करने वाले सिने वर्कर्स की सुरक्षा को लेकर जवाबदेही तय होना जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Created On :   5 Oct 2026 6:43 PM IST












