Social Media Controversy: श्वेता तिवारी को मराठी यूजर्स ने दीं भद्दी गालियां, राज ठाकरे से पूछा- क्या गाली देने वाले आपके समर्थक हैं?

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अभिनेत्री श्वेता तिवारी सोशल मीडिया पर मिल रही अभद्र टिप्पणियों से नाराज हैं। उन्होंने कुछ ऐसे यूजर्स के स्क्रीनशॉट और प्रोफाइल साझा किए, जिन पर उन्हें महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा इस्तेमाल करने का आरोप है। इनमें से एक प्रोफाइल पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) और पार्टी प्रमुख राज ठाकरे के समर्थन से जुड़ी पोस्ट नजर आने का दावा करते हुए श्वेता ने सीधे राज ठाकरे से सवाल किया है।
श्वेता ने लिखा कि सोशल मीडिया पर किसी भी महिला को गाली देना बेहद चिंताजनक है और दुख की बात है कि यह व्यवहार अब आम होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि हैरानी की बात यह है कि ऐसे लोगों में कई पढ़े-लिखे और सम्मानित परिवारों से आने वाले पुरुष भी होते हैं, जिनकी अपनी मां, बहन, पत्नी और बेटियां हैं, फिर भी वे किसी दूसरी महिला के लिए बेहद अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने में सहज महसूस करते हैं। श्वेता ने यह भी बताया कि उन्हें और उनके परिवार को लेकर भी आपत्तिजनक बातें कही गई हैं।
यह भी पढ़े -साउथ सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री सौकार जानकी का निधन, जूनियर एनटीआर समेत सितारों ने दी श्रद्धांजलि
इसके बाद उन्होंने एक ऐसे यूजर की जानकारी दी, जिसे उन्होंने राज ठाकरे और उनकी पार्टी का समर्थक बताया। श्वेता ने कहा कि उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी महाराष्ट्र में बिताई है और उनके पिता भी मुंबई में पले-बढ़े हैं। उन्होंने मराठी संस्कृति और ‘मराठी मानूस’ की उस पहचान का जिक्र किया, जिसमें महिलाओं के सम्मान और गरिमा को महत्व दिया जाता है। राज ठाकरे को टैग करते हुए उन्होंने सवाल किया कि अगर ऐसे लोग उनके समर्थक हैं, तो क्या वे महिलाओं के साथ इस तरह के व्यवहार को सही मानते हैं?
श्वेता ने यह भी कहा कि सिर्फ खुद को मराठी मानूस कहना या महाराष्ट्र से प्रेम का दावा करना काफी नहीं है, महिलाओं का सम्मान करना भी उसकी पहचान का हिस्सा होना चाहिए। यह पूरा मामला उस समय सामने आया, जब श्वेता ने हाल में एक ऑनलाइन ऑर्डर में कॉकरोच मिलने की शिकायत भी सोशल मीडिया पर साझा की थी।
Created On :   21 Aug 2026 6:56 PM IST












