Ohh My Dog: ओह माय डॉग' हर स्कूल में दिखाई जानी चाहिए, इसे टैक्स-फ्री किया जाए: मेनका गांधी

ओह माय डॉग हर स्कूल में दिखाई जानी चाहिए, इसे टैक्स-फ्री किया जाए: मेनका गांधी
नयी दिल्ली में 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही फिल्म ‘ओह माय डॉग' की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। इस मौके पर पशु अधिकार कार्यकर्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने फिल्म देखी और इसकी कहानी व संदेश की खुलकर सराहना की।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। नयी दिल्ली में 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही फिल्म ‘ओह माय डॉग' की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। इस मौके पर पशु अधिकार कार्यकर्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने फिल्म देखी और इसकी कहानी व संदेश की खुलकर सराहना की। स्क्रीनिंग में फिल्म के निर्देशक एवं निर्माता अमित राय, अभिनेता राजेश कुमार और पवन मल्होत्रा भी मौजूद रहे। फिल्म देखने के बाद मेनका गांधी ने कहा, ‘यह मेरे द्वारा देखी गई सर्वश्रेष्ठ फिल्मों में से एक है।

इसकी कहानी बेहद संवेदनशील तरीके से कही गई है। मेरा मानना है कि यह फिल्म देश के हर स्कूल में दिखाई जानी चाहिए और इसे टैक्स-फ्री किया जाना चाहिए।' उन्होंने कहा कि फिल्म इंसानों और श्वानों के बीच के अनोखे रिश्ते को बेहद भावनात्मक ढंग से प्रस्तुत करती है और समाज में दया, करुणा व संवेदनशीलता का महत्वपूर्ण संदेश देती है। फिल्म की टीम ने बताया कि ‘ओह्ह माय डॉग' केवल एक पारिवारिक मनोरंजक फिल्म नहीं, बल्कि प्रेम, देखभाल और सहानुभूति जैसे मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने का प्रयास है। निर्देशक अमित राय ने कहा कि दिल्ली में भारी बारिश के बावजूद मेनका गांधी का स्क्रीनिंग में पहुंचना और फिल्म की सराहना करना पूरी टीम के लिए प्रेरणादायक है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक फिल्म देखकर करुणा और संवेदनशीलता का संदेश अपने साथ लेकर जाएंगे। ट्रेलर को मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद फिल्म को लेकर उत्साह लगातार बढ़ रहा है। निर्माता देशभर में प्रमोशनल अभियान के जरिए दर्शकों से जुड़ रहे हैं। बाबूलाल बिस्कोप और थिंकिंग हैट्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फिल्म में माही राय, पंकज त्रिपाठी, गीता अग्रवाल शर्मा, राजेश कुमार, पवन मल्होत्रा, सुलख्याना बरुआ, विजय मिश्रा के साथ कैनाइन स्टार्स ऑस्कर और ब्रूनो सहित 250 से अधिक कुत्ते नजर आएंगे। ‘ओह माय डॉग' 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Created On :   29 July 2026 6:55 PM IST

Tags

Next Story