Ramayana Box Office: रणबीर-यश की फिल्म रामायण ने 10वें दिन की 'एनिमल' से दोगुना कमाई, वर्ल्डवाइड आंकड़ा 1200 करोड़ के पार

रणबीर-यश की फिल्म रामायण ने 10वें दिन की एनिमल से दोगुना कमाई, वर्ल्डवाइड आंकड़ा 1200 करोड़ के पार
फिल्म ‘रामायण’ की रिलीज हुए आज दस दिन का समय बीत चुका है। फिल्म वर्ल्ड वाइड बॉक्स ऑफिस पर हर दिन तगड़ी कमाई कर रही है। रणबीर की फिल्म ने अब तक 600 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। फिल्म ‘रामायण’ की रिलीज हुए आज दस दिन का समय बीत चुका है। फिल्म वर्ल्ड वाइड बॉक्स ऑफिस पर हर दिन तगड़ी कमाई कर रही है। रणबीर की फिल्म ने अब तक 600 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। फिल्म ने न सिर्फ घरेलू बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत की है, बल्कि दुनियाभर में भी 1200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। खास बात यह है कि दसवें दिन की कमाई के मामले में फिल्म ने रणबीर कपूर की पिछली रिलीज 'एनिमल' को भी काफी पीछे छोड़ दिया है।

कितना हुआ 'रामायण' का कलेक्शन

सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने दूसरे शनिवार यानी रिलीज के दसवें दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 72.90 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। यह शुक्रवार की कमाई के मुकाबले 51.6 फीसदी की बढ़ोतरी है। शुक्रवार को फिल्म ने भारत में 48.10 करोड़ रुपये कमाए थे। इस शानदार उछाल के साथ फिल्म का कुल घरेलू नेट कलेक्शन 685.60 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 819.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

फिल्म की शनिवार की कमाई में हिंदी वर्जन का सबसे बड़ा योगदान रहा। हिंदी में फिल्म ने 18,557 शोज के जरिए 53.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके बाद कन्नड़ वर्जन ने 893 शोज से 5.40 करोड़ रुपये कमाए। मलयालम और तमिल वर्जन ने 4.75-4.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया। मलयालम के 1,127 और तमिल के 1,290 शोज हुए। वहीं, तेलुगु वर्जन ने 1,584 शोज के जरिए 4.25 करोड़ रुपये कमाए।

विदेशों में भी फिल्म का जलवा

दसवें दिन विदेशों से फिल्म ने करीब 30 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म का कुल ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 408.50 करोड़ रुपये पहुंच गया है। भारत के 819.50 करोड़ रुपये के ग्रॉस कलेक्शन को मिलाकर फिल्म की दुनियाभर में कुल कमाई 1,228 करोड़ रुपये हो गई है।

'एनिमल' से दोगुना कमाई

संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बनी 'एनिमल' ने रिलीज के दसवें दिन भारत में 36 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। वहीं, 'रामायण' ने इसी दिन 72.90 करोड़ रुपये कमाए हैं। यानी रणबीर की इस नई फिल्म ने दसवें दिन 'एनिमल' के मुकाबले दोगुने से भी ज्यादा कमाई की।

Created On :  

Tags

Next Story