Mohsin Khan Engagement Photos: ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ फेम मोहसिन खान ने की सगाई, सुनाई अपनी लव स्टोरी, तस्वीरें की शेयर

डिजिटल डेस्क, मुंबई। टीवी के पॉपुलर एक्टर मोहसिन खान ने अपनी जिंदगी का नया सफर शुरू कर दिया है। ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में कार्तिक गोयनका का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले मोहसिन ने अपनी गर्लफ्रेंड तमन्ना से सगाई कर ली है। एक्टर ने शनिवार को सोशल मीडिया पर सगाई की खूबसूरत तस्वीरें शेयर कर फैंस को यह खुशखबरी दी। अब फैंस कपल को जमकर बधाईंया दे रहे हैं।
यह भी पढ़े -अनुपम खेर ने पोस्ट की 55 साल पुरानी पारिवारिक तस्वीर, बोले- 'फोटो पुरानी हो सकती है, रिश्तों का प्यार नहीं'
एक्टर ने शेयर की तस्वीरें
तस्वीरों में मोहसिन ब्लैक टक्सीडो, व्हाइट शर्ट और रेड टाई में काफी हैंडसम नजर आए। वहीं, तमन्ना रेड कलर के खूबसूरत गाउन में नजर आईं। उन्होंने अपनी सगाई की डायमंड रिंग भी फ्लॉन्ट की। एक तस्वीर में मोहसिन अपनी मंगेतर तमन्ना को पीछे से गले लगाते हुए नजर आए। वहीं, दूसरी तस्वीर में दोनों हाथों में फूलों का गुलदस्ता लिए कैमरे के सामने पोज देते दिखे। दोनों की ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
यह भी पढ़े -बर्थडे स्पेशल दिल्ली की लड़की का रेस्टोरेंट से रेड कार्पेट और बॉलीवुड तक सफर, ऋतिक से लेकर रणवीर की बनीं हीरोइन
तमन्ना के लिए लिखा खास नोट
सगाई की तस्वीरों के साथ मोहसिन ने तमन्ना के लिए एक लंबा और बेहद प्यारा नोट भी लिखा। उन्होंने तमन्ना को कॉन्फिडेंट, संवेदनशील और खुशमिजाज बताया। मोहसिन ने लिखा कि उन्हें ऐसा लगता है जैसे तमन्ना उनके लिए आसमान में पहले से ही लिखी गई थीं। अपने रिश्ते की शुरुआत को याद करते हुए मोहसिन ने बताया कि जब उन्होंने पहली बार तमन्ना को देखा और उनका हाथ थामा, तभी उनके अंदर एक अलग तरह का सुकून महसूस हुआ। एक्टर ने कहा कि उसी पल उन्हें लगा कि उन्हें अपना खास इंसान मिल गया है। मोहसिन ने आगे लिखा कि कभी-कभी दो लोग उसी समय एक-दूसरे से मिलते हैं, जब उन्हें मिलना ही होता है। अब दोनों साथ मिलकर प्यार, दोस्ती और ढेर सारी खूबसूरत यादों से भरी जिंदगी बनाना चाहते हैं। एक्टर ने अपने नोट के आखिर में लिखा कि दोनों ने एक-दूसरे के लिए सबसे खूबसूरत वादा किया है- एक-दूसरे में अपना घर ढूंढना। उन्होंने अपनी लव स्टोरी और हमेशा साथ रहने की नई शुरुआत के नाम एक टोस्ट भी किया।
Created On :   23 Aug 2026 11:31 AM IST












