- Home
- /
- फर्जी खबरें
- /
- बांग्लादेश का वीडियो बरगी क्रूज...
फैक्ट चेक: बांग्लादेश का वीडियो बरगी क्रूज हादसे से जोड़ कर किया जा रहा वायरल, कहीं आप भी तो नहीं खा गए धोखा?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के जबलपुर के पास बरगी डैम में 30 मई 2026 को एक क्रूज हादसा हुआ जिसमें कई लोगों की जान चली गई। इस घटना के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। वीडियो में एक नाव पलटी हुई दिखती है और लोग खुद को बचाते नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह उसी हादसे का पहला वीडियो है। जांच में सामने आया कि यह दावा गलत है। यह वीडियो भारत का नहीं, बल्कि बांग्लादेश का एक पुराना वीडियो है जिसे गलत जानकारी के साथ शेयर किया जा रहा है। लोग इसे सच मानकर आगे भेज रहे हैं जिससे भ्रम फैल रहा है।
सोशल मीडिया पर क्या हो रहा है वायरल?
'Lukka Marmat' नामक सोशल मीडिया यूजर ने वायरल वीडियो अपने फेसबुक अकाउंट पर शेयर कर लिखा कि जबलपुर में हुए क्रूज हादसे ने सबको दहलाकर रख दिया है। बरगी डैम पर क्रूज का आनंद ले रहे 39 लोग तब हादसे का शिकार हो गए जब क्रूज अचानक डूबने लग गया। इस हादसे में 22 लोगों का रेस्क्यू कर उन्हें बचा लिया गया जबकि 9 लोगों की मौ#त की खबर है और बाकी लोग लापता बताए जा रहे हैं। क्रूज हादसे से पहले का वीडियो आया सामने।
क्या है वायरल पोस्ट के पीछे की सच्चाई?
वायरल खबर की सच्चाई पता लगाने के लिए हमने गूगल लेंस की मदद से स्क्रीनशॉट्स सर्च किए। ऐसा करने पर हमें 'News Report Today' का फेसबुक अकाउंट मिला। यहां वायरल वीडियो शेयर कर कैप्शन में लिखा है कि रंगामाटी की मशहूर कपताई झील में पर्यटकों को ले जा रही एक नाव कथित तौर पर पलट गई, जिससे वहां आए लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह नाव झील में सैर करते समय पलट गई; यह झील यात्रियों के बीच एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है और अधिकारी स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने के संबंध में अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़े -इजरायली सैनिकों को ले जा रहा विमान नहीं हुआ क्रैश, वायरल वीडियो निकला फर्जी
Created On :   5 May 2026 4:21 PM IST












