- Home
- /
- फर्जी खबरें
- /
- ईधन संकट के बीच वायरल हो रहा LPG...
PIB Fact Check: ईधन संकट के बीच वायरल हो रहा LPG डीलरशिप और डिस्ट्रीब्यूटरशिप देने का दावा, पीआईबी फैक्ट चेक ने बताया क्या है सच?

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव के चलते देश में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी के दामों बढ़ गए हैं। इस वजह से महंगाई में भी तगड़ा उछाल आया है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक मेल वायरल हो रहा है, जिसमें एलपीजी की डीलरशिप और डिस्ट्रीब्यूटरशिप देने का दावा किया जा रहा है।
वायरल मेल के साथ एक फॉर्म भी भेजा जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि ये मेल सरकार की ओर से भेजा गया है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या वाकई में सरकार एलपीजी की डीलरशिप दे रही है? आइए जानते हैं क्या है वायरल दावे का सच?
पड़ताल - भारत सरकार की आधिकारिक फैक्ट चेक यूनिट पीआईबी फैक्ट चेक ने इस दावे को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे फर्जी करार दिया है। अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर वायरल मेल का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए पीआईबी फैक्ट चेक ने कैप्शन में लिखा, 'लोगों को info@lpgvitarakchayaan.in के नाम से एक फर्जी ईमेल आईडी से ईमेल मिल रहे हैं। इस ईमेल में LPG डीलरशिप और डिस्ट्रीब्यूटरशिप देने का दावा किया जा रहा है। ये दावा फर्जी है।'
पोस्ट में आगे लिखा गया, 'LPG डिस्ट्रीब्यूटर चयन से जुड़ी सही और आधिकारिक जानकारी के लिए केवल आधिकारिक LPG वितरक चयन पोर्टल पर जाएं http://lpgvitarakchayan.in. नागरिकों को सलाह दी जाती है कि ऐसे फर्जी ईमेल, संदेश या संचार में दिए गए लिंक पर क्लिक न करें, कोई भुगतान न करें और अपनी व्यक्तिगत जानकारी शेयर न करें। किसी भी जानकारी की पुष्टि हमेशा आधिकारिक स्रोतों से करें।'
यह भी पढ़े -क्या ₹2,550 प्रोसेसिंग फीस देकर 5 लाख रुपये का लोन अप्रूवल हो रहा है? जानें क्या है वायरल हो रहे लेटर का सच
ऐसे कराएं फैक्ट चेक
अगर आपके पास भी इस तरह की कोई जानकारी मैसेज, वीडियो या फिर ऑडियो के जरिए आती है उस पर सीधे भरोसा न करें। आप उसकी सच्चाई जानने के लिए पीआईबी की मदद ले सकते हैं। इसके लिए आपको पीआईबी के ऑफिशियल वेबसाइट https://factcheck.pib.gov.in/ पर विजिट करना होगा। इसके अलावा आप वाट्सएप नंबर +918799711259 या ईमेल आईडी pibfactcheck@gmail.com पर भी मैसेज या वीडियो भेज कर फैक्ट चेक करा सकते हैं।
Created On :   2 Jun 2026 8:10 PM IST














