द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा: भारत-किर्गिस्तान के बीच राजधानी बिश्केक में एक अहम व्यापारिक बैठक हुई

भारत-किर्गिस्तान के बीच राजधानी बिश्केक में एक अहम व्यापारिक बैठक हुई
मीटिंग में मध्य एशिया में भारत की बढ़ती आर्थिक सक्रियता से व्यापारिक अवसरों के विस्तार होने की बात पर जोर दिया गया, ऊर्जा, उद्योग तथा इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में सहयोग को नई दिशा मिलेगी।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भारत-किर्गिस्तान के बीच राजधानी बिश्केक में एक अहम मीटिंग आयोजित हुई, इस बैठक में दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को मजबूत करने पर फोकस किया गया। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे एच.डी. कुमारस्वामी ने बुधवार को एक्स पोस्ट को साझा करके इसकी जानकारी दी।

बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने भारत–किर्गिस्तान आर्थिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाने की प्रतिबद्धता जताई। चर्चा का मुख्य फोकस विनिर्माण क्षेत्र में सहयोग, औद्योगिक विकास, व्यापार विस्तार और निवेश के नए अवसरों की पहचान पर रहा। दोनों देशों ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि आपसी सहयोग बढ़ाने से आर्थिक विकास को गति मिलेगी और दोनों देशों के लिए नए अवसर सृजित होंगे। मीटिंग में मध्य एशिया में भारत की बढ़ती आर्थिक सक्रियता से व्यापारिक अवसरों के विस्तार होने की बात कही गई, ऊर्जा, उद्योग तथा इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में सहयोग को नई दिशा मिलेगी।

एक साझा पोस्ट में, कुमारस्वामी ने कहा कि दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को बड़े पैमाने पर आगे बढ़ाने की ज़रूरत है। उन्होंने बताया कि चर्चाएँ एक रचनात्मक और सकारात्मक माहौल में हुईं, जिनके दौरान भविष्य में सहयोग के कई नए रास्ते तलाशे गए। बैठक के दौरान, भारत के वरिष्ठ प्रतिनिधियों और किर्गिज सरकार के अर्थव्यवस्था और वाणिज्य मंत्री, बकित सिदिकोव ने व्यापार, उद्योग और निवेश से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। किर्गिस्तान में भारत के राजदूत, महामहिम बीरेंद्र सिंह यादव भी इस बैठक में मौजूद थे। उनकी मौजूदगी ने कूटनीतिक स्तर पर द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत किया। दोनों देश नियमित बातचीत और उच्च-स्तरीय बैठकों के ज़रिए भविष्य में अपने आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने पर सहमत हुए हैं।

कुमारस्वामी ने कहा पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार अपने साझेदार देशों के साथ संबंधों को मजबूत कर रहा है और वैश्विक मंच पर आर्थिक सहयोग के नए रास्ते खोल रहा है। भारत–किर्गिस्तान साझेदारी न केवल दोनों देशों की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि क्षेत्रीय स्थिरता और विकास के लिए भी लाभकारी साबित होगी।

Created On :   3 Jun 2026 6:42 PM IST

Tags

Next Story