West Asia Conflict: ट्रंप के होर्मुज पर टैक्स लगाए जाने पर ब्राजील के प्रेसिडेंट ने बोला तीखा हमला, कहा- 'समुद्री डाकू ना बनें...'

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते हुए तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक नए ऐलान ने दुनिया के कई देशों की चिंता बढ़ा दी है। ट्रंप का कहना है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले कार्गो शिप्स पर 20 प्रतिशत टोल लगाया जाएगा। इस बयान के बाद से ही कई देशों ने नाराजगी जताई है। सबसे ज्यादा तीखी प्रतिक्रिया ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा की तरफ से कई गई है।
ब्राजील ने जताई कड़ी आपत्ति
ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा ने ट्रंप के प्रस्ताव की आलोचना करते हुए कहा कि किसी भी देश को अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्ते से गुजरने वाले जहाजों से जबरदस्ती पैसा लेने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले के समय में ऐसी हरकत को समुद्री डकैती कहा जाता था। अमेरिका जैसा बड़ा देश इस तरह का कदम उठाकर गलत संदेश दे रहा है और दूसरे देशों की मुश्किलों का फायदा उठाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि होर्मुज स्ट्रेट लंबे समय से दुनिया के सभी देशों के लिए खुला रहा है। यहां से गुजरने वाले जहाजों पर कभी किसी तरह का टोल नहीं लगाया गया, इसलिए इस पर नया शुल्क लगाना बिल्कुल भी सही नहीं है।
यह भी पढ़े -मौलाना शहाबुद्दीन के पत्र पर अयोध्या संतों का समर्थन, वक्फ बोर्ड मामलों की उच्चस्तरीय जांच की मांग
ट्रंप ने क्या कहा?
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच पर एक पोस्ट में कहा कि अमेरिका अब होर्मुज जलडमरूमध्य का रक्षक बनेगा। उनके मुताबिक यह समुद्री रास्ता ईरान के साथ हो या उसके बिना, हर हाल में खुला रहेगा। उन्होंने दावा किया कि ईरान से जुड़े जहाजों और उसके ग्राहकों पर रोक लगाने की कार्रवाई फिर शुरू की जाएगी, जबकि बाकी देशों के जहाज पहले की तरह इस रास्ते का इस्तेमाल कर सकेंगे। ट्रंप ने यह भी कहा कि इस समुद्री मार्ग की सुरक्षा पर होने वाले खर्च को पूरा करने के लिए यहां से गुजरने वाले सभी कार्गो जहाजों से 20 प्रतिशत टोल लिया जाएगा। उनके इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बहस तेज हो गई है।
Created On :   14 July 2026 5:31 PM IST











