Bangladesh Presidential Election: BNP उम्मीदवार मिर्जा फखरुल आलमगीर बने बांग्लादेश के नए राष्ट्रपति, ओली अहमद को 167 वोटों से हराया

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। पड़ोसी देश बांग्लादेश को नया राष्ट्रपति मिल गया। सत्ताधारी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के उम्मीदवार मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर को चुनाव में 167 वोटों से जीत मिली, उन्हें 349 में से 255 वोट मिले। वहीं विपक्षी गठबंधन के कैंडिडेट कर्नल (रिटायर्ड) ओली अहमद केवल 88 वोट ही पा सके।
राष्ट्रपति चुनाव के लिए आज यानि गुरुवार को संसद भवन में मतदान हुआ। वोटिंग दोपहर 2 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक चली।
आलमगीर का जीतना था तय
भारत की तरह बांग्लादेश में भी राष्ट्रपति का चयन जनता नहीं बल्कि उनके द्वारा चुने गए संसद के सदस्य करते हैं। संसद में बीएनपी के पास बहुमत है, ऐसे में फखरुल इस्लाम आलमगीर का चुना जाना लगभग तय माना जा रहा था। उनके सामने जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार रिटायर्ड कर्नल ओली अहमद थे। आलमगीर को 349 में से 255 वोट मिले और वह बांग्लादेश के 23वें राष्ट्रपति चुने गए।
शपथ की तारीख
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने चुनाव परिणाम के बाद आलमगीर के राष्ट्रपति पद की शपथ लेने वाली तारीख का ऐलान किया। पार्टी ने कहा कि आलमगीर 21 अगस्त की शाम बंगभवन में राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे।
यह भी पढ़े -बांग्लादेश राष्ट्रपति चुनाव पीएम तारिक रहमान ने डाला वोट, मिर्जा फखरुल और ओली अहमद के बीच टक्कर
हार के बाद क्या बोले ओली अहमद?
वहीं, हार के बाद विपक्ष के उम्मीदवार ओली अहमद ने चुनाव पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव का रिजल्ट पहले से तय था और बांग्लादेश में लोकतंत्र नियंत्रित है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया कि किसी भी सांसद को अपनी मर्जी के मुताबिक वोट देने की आजादी नहीं है। पार्टी जिस उम्मीदवार को वोट देने को कहती है, सांसद को उसी के पक्ष में मतदान करना पड़ता है।
Created On :   20 Aug 2026 8:17 PM IST











