Who is Fakhrul Islam Alamgir?: कौन हैं बांग्लादेश के नए राष्ट्रपति फखरुल इस्लाम आलमगीर? माने जाते हैं BNP के संकट मोचक, भारत से है खास रिश्ता

कौन हैं बांग्लादेश के नए राष्ट्रपति फखरुल इस्लाम आलमगीर? माने जाते हैं BNP के संकट मोचक, भारत से है खास रिश्ता
बांग्लादेश में 35 साल बाद राष्ट्रपति चुनाव हुआ। सत्ताधारी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के उम्मीदवार मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर देश के 23वें राष्ट्रपति चुने गए हैं।

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश में 35 साल बाद राष्ट्रपति चुनाव हुआ। सत्ताधारी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के उम्मीदवार मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर देश के 23वें राष्ट्रपति चुने गए हैं। उन्होंने विपक्ष के उम्मीदवार ओली अहमद को 167 वोटों से हरा दिया। आलमगीर को 349 में से 255 वोट मिले, जबकि ओली अहमद को केवल 88 वोट ही मिले।

बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने चुनाव परिणाम के बाद आलमगीर के राष्ट्रपति पद की शपथ लेने वाली तारीख का ऐलान कर दिया है। पार्टी के मुताबिक, आलमगीर 21 अगस्त की शाम राजधानी ढाका के बंगभवन में राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे।

कौन हैं फखरुल इस्लाम आलमगीर?

मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर बांग्लादेश की सियासत के वरिष्ठ राजनेता और सत्ताधारी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के लंबे समय तक रहने वाले महासचिव हैं। उनका राजनीतिक सफर बेहद दिलचस्प रहा है। उन्होंने 1960 के दशक में छात्र राजनीति से अपने सियासी करियर की शुरुआत की थी। वह तत्कालीन ईस्ट पाकिस्तान स्टूडेंट्स यूनियन के सक्रिय सदस्य रहे थे।

आलमगीर को बीएनपी का संकटमोचक भी कहा जाता है। शेख हसीना के शासनकाल में जब उनकी पार्टी के शीर्ष नेताओं को जेल में डाला जा रहा था, तब आलमगीर ने पार्टी को एकजुट रखने में अहम भूमिका निभाई थी। उनकी छवि शालीन और उदारवादी नेता की है।

26 जनवरी 1948 को ठाकुरगंज जिले में जन्मे आलमगीर सियासत में आने से पहले सिविल सेवा मे थे। 1986 में नौकरी छोड़कर उन्होंने मुख्य धारा की सियासत में प्रवेश किया था। वह ठाकुरगांव से निर्दलीय नगरपालिका अध्यक्ष चुने गए थे। 90 के दशक में वे बीएनपी से जुड़े थे।

भारत में ली थी शरण

1971 में जब बांग्लादेश की आजादी के लिए आंदोलन चल रहा था तब आलमगीर वामपंथी स्वतंत्रता सेनानियों के संगठन में एक्टिव थे। इस दौरान उन्होंने कुछ समय के लिए भारत में शरण ली थी।

Created On :   20 Aug 2026 10:42 PM IST

Next Story