Middle East Tension: 'होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों को मिलेगी मदद', ट्रंप के ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ को रोकने के बाद ईरान का बड़ा ऐलान

होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों को मिलेगी मदद, ट्रंप के ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ को रोकने के बाद ईरान का बड़ा ऐलान
ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में कमर्शियल जहाजों को मेडिकल, तकनीकी और दूसरी जरूरी मदद देने का ऐलान किया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ चल रहा तनाव जल्द खत्म हो सकता है। उन्होंने बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत आगे बढ़ रही है। ट्रंप ने कहा कि वह होर्मुज स्ट्रेट और ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर समझौते के लिए तैयार हैं। इसके बाद ईरान की तरफ से भी बड़ा बयान आया। ईरान ने कहा कि वह होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले कमर्शियल जहाजों को तकनीकी, मेडिकल और दूसरी जरूरी मदद देने के लिए तैयार है। इस कदम को क्षेत्र में तनाव कम करने की कोशिश माना जा रहा है।

ईरान ने जहाजों को मदद देने का किया ऐलान

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, समुद्री प्राधिकरण ने जहाजों के लिए नया संदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि जरूरत पड़ने पर जहाजों को ईंधन, खाना, मेडिकल सहायता और मरम्मत जैसी सेवाएं दी जाएंगी। यह संदेश खास तौर पर ईरानी जलक्षेत्र के पास चलने वाले जहाजों के लिए जारी किया गया है।

लगातार तीन दिन तक जारी होगा संदेश

ईरान के पोर्ट्स एंड मैरीटाइम ऑर्गनाइजेशन ने कहा कि यह संदेश समुद्री संचार नेटवर्क और VHF सिस्टम के जरिए लगातार तीन दिनों तक रोज तीन बार प्रसारित किया जाएगा। जहाजों के कप्तानों और मालिकों से कहा गया है कि जरूरत पड़ने पर वे नजदीकी बंदरगाहों के अधिकारियों से कॉन्टेक्ट करें।

ट्रंप ने रोका ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’

ट्रंप ने हाल ही में ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ को अस्थायी रूप से रोकने का फैसला लिया है। इस मिशन का उद्देश्य खाड़ी क्षेत्र में फंसे जहाजों की मदद करना था। ट्रंप ने कहा कि यह फैसला इसलिए लिया गया ताकि ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौते की संभावना को आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने यह भी दावा किया कि दोनों देशों के बीच बातचीत में प्रगति हुई है।

Created On :   7 May 2026 3:09 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story