UN General Assembly: जयशंकर ने रुबियो से की मुलाकात, रूस-ईरान पर भारत के हितों की दो टूक बात

डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर अमेरिका के दौरे पर हैं। इस दौरान वह न्यूयॉर्क में आयोजित 81वें संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र का हिस्सा बने। यहां अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और भारतीय विदेश मंत्री की मुलाकात हुई। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच साझेदारी की रणनीतियों को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। साथ ही क्षेत्रीय मुद्दों को निपटाने के लिए आपसी तालमेल को और मजबूत बनाने को लेकर चर्चा की गई।
रणनीतिक संबंधों पर बातचीत
इस बैठक के बाद एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। इसमें उन्होंने बताया कि भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए काम किया जा रहा है। इसके अलावा आगामी बहुपक्षीय कार्यक्रमों और क्षेत्रीय प्राथमिकताओं को आगे ले जाने के लिए सहयोग पर जोर दिया गया। इस दौरान 'सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट' (SRIA) को लेकर भारत के हितों और चिंताओं को लेकर इस मुद्दे को दोहराया।
SRIA विधेयक पर चर्चा
अमेरिका में SRIA विधेयक के तहत ईरान और रूस से जुड़े व्यापारिक देशों पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाने का प्रावधान है। इसके तहत अमेरिका उन देशों पर 100 प्रतिशत और ईरान पर 500 फीसदी टैरिफ लगा सकता है। इस विधेयक का असर उन देशों पर देखने को मिल सकता है, जो रूस और ईरान से ऊर्जा या अन्य सामान खरीदते हैं। भारत लंबे समय से रूस से अपना ऊर्जा और रक्षा व्यापार कर रहा है। इसी को लेकर एस जयशंकर ने अपने देश के हितों को अमेरिकी विदेश मंत्री के सामने रखा है।
यह भी पढ़े -भारत समेत 7 देशों ने शुरू की ‘पार्टनर्स फॉर मल्टीलेटरलिज्म’ पहल, संयुक्त घोषणापत्र में बहुपक्षवाद मजबूत करने पर जोर
महासभा को कब करेंगे संबोधित?
भारतीय विदेश मंत्री इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रविवार को न्यूयॉर्क पहुंच गए थे और भारत की तरफ से प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, 81वें संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र को जयशंकर 26 सितंबर को संबोधित करने वाले हैं। हालांकि, जब से वह न्यूयॉर्क पहुंचे हैं, तब से अब तक कई देशों के विदेश मंत्रियों के साथ मुलाकात कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों के साथ व्यापार, ऊर्जा, सुरक्षा और बहुपक्षीय सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा की।
Created On :   23 Sept 2026 8:22 PM IST











